झारखण्ड

Jharkhand Eco Tourism : बैद्यनाथ धाम से आदिवासी संस्कृति तक… अब ऑनलाइन दिखेगा झारखंड का पूरा टूरिज्म

झारखंड के पर्यटन स्थलों को देशभर के यात्रियों तक पहुंचाने और राज्य की पहचान को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पर्यटन को डिजिटल माध्यम से बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन ट्रैवल-टेक कंपनी EaseMyTrip और झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग के बीच समझौता हुआ है। इस साझेदारी के जरिए राज्य के धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों का प्रचार राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।

नई दिल्ली में हुआ समझौता

यह समझौता नई दिल्ली में आयोजित झारखंड पर्यटन स्टेकहोल्डर्स समिट के दौरान हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पर्यटन, कला, संस्कृति एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार मौजूद रहे। राज्य सरकार की ओर से पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार और EaseMyTrip के प्रतिनिधियों ने MoU पर हस्ताक्षर किए। सरकार का उद्देश्य झारखंड के पर्यटन स्थलों को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से जोड़कर ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों तक पहुंच बनाना है।

बाबा बैद्यनाथ धाम से जंगल और झरनों तक का होगा प्रचार

समझौते के तहत EaseMyTrip अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म, तकनीक और EasyDarshan सेवा के माध्यम से झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रमोट करेगा। इसमें बाबा बैद्यनाथ धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थल, झरने, जंगल, इको-टूरिज्म क्षेत्र, कृषि पर्यटन और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को शामिल किया जाएगा।

कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर झारखंड के पर्यटन सर्किट और स्थानीय विशेषताओं को भी प्रमुखता देगी, जिससे पर्यटकों को राज्य की विविधता की जानकारी मिल सके।

डिजिटल अभियान से दिखेगी झारखंड की खूबसूरती

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी एक विशेष डिजिटल अभियान भी चलाएगी। इसके तहत सोलो ट्रैवलर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर झारखंड की यात्रा करेंगे और यहां की प्राकृतिक सुंदरता, एडवेंचर गतिविधियों, कोयला खदानों, पहाड़ियों, झीलों, झरनों और आदिवासी संस्कृति को वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों तक पहुंचाएंगे। इससे झारखंड के कम चर्चित पर्यटन स्थलों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

बैनर और वीडियो से होगा प्रचार

साझेदारी के तहत झारखंड पर्यटन के लिए आकर्षक बैनर, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री तैयार की जाएगी। इसके माध्यम से राज्य के स्थानीय त्योहारों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पर्यटन स्थलों की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाई जाएगी। पर्यटन विभाग का मानना है कि डिजिटल प्रचार से घरेलू पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है।

झारखंड को प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी

पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में काम कर रही है। EaseMyTrip के साथ यह साझेदारी राज्य के पर्यटन विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

वहीं, EaseMyTrip के CEO और सह-संस्थापक रिकांत पिट्टी ने कहा कि घरेलू पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। कंपनी इस साझेदारी के माध्यम से झारखंड के धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देशभर के यात्रियों तक पहुंचाने का काम करेगी।

तकनीक से बदलेगी पर्यटन की तस्वीर

यह पहल डिजिटल तकनीक के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने की व्यापक योजना का हिस्सा है। सरकार और कंपनी की साझेदारी से झारखंड के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय कारोबार, रोजगार और पर्यटन आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button