Aadhaar Service Center: सागर, मुरैना और ग्वालियर में शुरू हुए नए आधार सेवा केंद्र
नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगमता और दक्षता के साथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय ने मध्यप्रदेश के सागर, मुरैना और ग्वालियर में नए आधार सेवा केंद्र शुरू किए हैं। ग्वालियर केंद्र का शुभारंभ कलेक्टर रुचिका चौहान और मुरैना केंद्र का शुभारंभ कलेक्टर लोकेश जांगिड़ ने किया।
सप्ताह के सातों दिन मिलेंगी आधार सेवाएं
नए आधार सेवा केंद्र मुरैना के जौरा रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के पास, सागर के अशोक विहार कॉलोनी में बीएमसी तिल्ली वार्ड के सामने तथा ग्वालियर के हर्षनगर, नई गोविंदपुरी मेन रोड पर संचालित किए गए हैं। ये केंद्र सप्ताह के सातों दिन खुले रहेंगे। यहां आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी प्रमुख आधार सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर
केंद्रों में नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक व्यवस्थाएं, सुलभ शौचालय और केंद्र प्रबंधक की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं के लिए अलग सेवा काउंटर भी बनाए गए हैं, ताकि उन्हें प्राथमिकता के साथ सेवाएं मिल सकें।
24 और जिलों में खुलेंगे नए आधार सेवा केंद्र
प्रदेश में अब यूआईडीएआई के आधार सेवा केंद्र भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, भिंड, सागर और मुरैना सहित 12 जिलों में संचालित हो रहे हैं। यूआईडीएआई की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी उपलब्ध है। यूआईडीएआई राज्य कार्यालय, भोपाल के निदेशक सुमित मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के 24 अन्य जिलों में भी नए आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे नागरिकों को अपने नजदीक आधार सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



