सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड, रायपुर केंद्रीय जेल में रहेगा
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को आठ दिन की पूछताछ के बाद गुरुवार 12 नवंबर को सीबीआई ने रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। सीबीआई की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत में पेश किए गए सौरभ चंद्राकर को सात दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। अब वह 19 नवंबर तक रायपुर केंद्रीय जेल में रहेगा।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में पूछताछ के दौरान सीबीआई का मुख्य फोकस महादेव सट्टा नेटवर्क की पूरी कार्यप्रणाली को समझने पर रहा। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सट्टा नेटवर्क कैसे खड़ा किया गया, इसमें किन लोगों ने निवेश किया और अलग-अलग पैनलों के माध्यम से अवैध कारोबार का संचालन किस तरह किया जाता था।
जांच के दौरान कथित तौर पर इस अवैध कारोबार को मिले संरक्षण और इससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की भी पड़ताल की जा रही है। इसमें प्रोटेक्शन मनी का एंगल भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीबीआई यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर वसूली गई इस रकम का वितरण केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित था या इसका नेटवर्क दूसरे राज्यों तक भी फैला हुआ था। एजेंसी की जांच में सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों, निवेश और पैसों के लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।



