Uncategorized

रावांभाठा में सूने मकान का ताला तोड़कर 7.50 लाख रुपये की चोरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत रावांभाठा के बंजारी नगर स्थित शुक्रवारी बाजार में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मकान का गेट और आलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सीताराम गुप्ता (हुब्ब लाल गुप्ता) शुक्रवारी बाजार, बंजारी नगर रावांभाठा वार्ड क्रमांक 10 में अपने मकान के नीचे केसरवानी इलेक्ट्रॉनिक नाम से व्यवसाय संचालित करते हैं। उनका आलमारी, कूलर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बिक्री का कारोबार है। बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वे अपने परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर नवरात्रि पर्व मनाने अपने गृह ग्राम खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (रीवा), मध्यप्रदेश गए हुए थे।

2 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे जब वे वापस अपने घर पहुंचे तो सामने का गेट खुला मिला और ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर आलमारी का ताला भी टूटा मिला तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले।

प्रार्थी के मुताबिक चोरी गए सामान में करीब 7 से 8 तोला सोना, लगभग 2 किलो चांदी और नकदी रकम शामिल है। सोने के जेवरात में मंगलसूत्र, मनचली, हार, झुमकी और अंगूठी शामिल हैं। वहीं चांदी के जेवरात में करधन, अधकमरी, पायल, छागल, बिछिया तथा बच्चों के पायल और करधन शामिल हैं।

पीड़ित ने बताया कि चोरी गई नकदी में उनके दिवंगत बेटे की मृत्यु के बाद मिली करीब 4 लाख रुपये की सहायता राशि और व्यवसाय की जमा पूंजी भी शामिल थी। उन्होंने चोरी की कुल कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये बताई है।

घटना के संबंध में सीताराम गुप्ता ने खमतराई थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button