छत्तीसगढ़

हीरापुर की इस्पात फैक्ट्री में डकैती, चौकीदार को बंधक बनाकर पीटा

रायपुर। राजधानी के हीरापुर इलाके में स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रात के अंधेरे में फैक्ट्री में घुसे बदमाशों ने चौकीदार को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और करीब 800 किलो कॉपर वायर काटकर ले गए। चोरी गए तार की कीमत 10 से 12 लाख रुपये आंकी गई है। वारदात के बाद आरोपी फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना कबीर नगर थाना क्षेत्र की है।

रात डेढ़ बजे घुसे, सुबह पांच बजे तक रहे

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बदमाश रात करीब डेढ़ बजे फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद सुबह पांच बजे तक चोरी की वारदात को अंजाम देते रहे। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा में तैनात चौकीदार को अपने कब्जे में ले लिया और उसे बांधकर बेरहमी से पीटा। चौकीदार को काबू में करने के बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में लगे कॉपर वायर को काटना शुरू किया और बड़ी मात्रा में तार समेटकर फरार हो गए।

पहचान छिपाने के लिए कैमरे और डीवीआर भी ले गए

बदमाशों ने चोरी के बाद फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले लिए। इससे आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। करीब साढ़े तीन घंटे तक फैक्ट्री परिसर में सक्रिय रहे बदमाशों ने जिस तरीके से वारदात को अंजाम दिया, उससे उनके पूरी तैयारी के साथ आने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कबीर नगर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस चौकीदार से पूछताछ कर रही है। साथ ही फैक्ट्री में प्रवेश करने के तरीके, आरोपियों की संख्या और चोरी का माल ले जाने में इस्तेमाल किए गए साधनों सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button