छत्तीसगढ़

रावतपुरा में सूने मकानों को बनाया निशाना, तीन गिरफ्तार

रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल लक्ष्मण महानंद पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, रावतपुरा फेस-2 निवासी श्याम तांती के मकान में 15 से 17 सितंबर के बीच चोरी हुई थी। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा बाथरूम और रसोई में लगे नल चोरी कर ले गए। इसी तरह रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू के मकान में भी 7 सितंबर से 18 अक्टूबर के बीच चोरी की घटना हुई। यहां से सोने के आभूषण और चांदी का सिक्का चोरी किया गया था। दोनों मामलों में टिकरापारा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों, आने-जाने के रास्तों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने के साथ मुखबिरों की भी मदद ली गई। चोरी के पुराने मामलों में संलिप्त रहे आरोपियों और हाल ही में जेल से छूटे लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने लक्ष्मण महानंद और शेख खोकन को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने चोरी की दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। विवेचना में सामने आया कि दूसरे मामले में चोरी किए गए सोने के कुछ आभूषण बिक्री के लिए दुरपती बाई साहू को दिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने दुरपती बाई साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में की गई।

Related Articles

Back to top button