छत्तीसगढ़

देवारपारा में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 26 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर। राजधानी के सुभाष नगर देवारपारा में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 15 नवंबर को तेलीबांधा पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना स्टाफ के साथ मिलकर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, देवारपारा क्षेत्र में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे के अवैध कारोबार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने सुभाष नगर देवारपारा में दबिश दी। अभियान के दौरान क्षेत्र में सघन जांच-पड़ताल की गई और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button