चौपाटी में भीषण आग, 5 से 6 दुकानें जली 0 सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित चौपाटी में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से करीब 5 से 6 दुकानें जलकर खाक हो गईं। वहीं, आगजनी के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। आग ने देखते ही देखते चौपाटी की कई खाने-पीने की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां लगाई गईं। दमकलकर्मियों द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया गया।
जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। आग करीब 5 से 6 दुकानों तक फैल गई थी। चौपाटी में संचालित अलग-अलग खाद्य दुकानों में आग लगने से काफी नुकसान हुआ है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



