PMMVY: मातृवंदना योजना में जांजगीर-चांपा प्रदेश में नंबर-1, लक्ष्य से अधिक पंजीयन
प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना (PMMVY) के तहत 15 जून से 15 जुलाई तक चल रहे विशेष अभियान में जांजगीर-चांपा जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 106.5 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए 25 जून तक 863 पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना (PMMVY) में मिली इस सफलता के पीछे जिला स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा, पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण और समय-समय पर दिए गए मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके चलते पात्र महिलाओं का समयबद्ध पंजीयन सुनिश्चित हुआ और उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल रहा है।
यह योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर पोषण और स्वास्थ्य देखभाल के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है। मातृवंदना योजना (PMMVY) के माध्यम से गर्भावस्था के दौरान कामकाज प्रभावित होने से होने वाली आय की आंशिक भरपाई भी की जाती है।
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया, जिससे अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का पंजीयन संभव हो सका। विभाग ने बताया कि विशेष अभियान (PMMVY) के तहत नए पात्र हितग्राहियों का पंजीयन लगातार जारी है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।



