देश

PM Surya Ghar : हर दिन आठ घरों में लग रहे सोलर पैनल, अब बिजली बिल की चिंता से मिल रही बड़ी राहत

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में सोलर ऊर्जा को लेकर लोगों का रुझान लगातार (PM Surya Ghar) बढ़ रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक बड़ी संख्या में परिवार अपनी छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। इसका असर अब बिजली बिल पर भी साफ दिखाई देने लगा है और कई परिवारों को हर महीने अच्छी बचत हो रही है।

प्रशासन, बिजली विभाग, बैंक और महिला स्व सहायता समूहों के संयुक्त प्रयास से जिले में योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। हर दिन औसतन आठ नए घर इस योजना से जुड़ रहे हैं, जिससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में जिले की पहचान मजबूत हो रही है।

तीन महीने में 550 से अधिक सोलर सिस्टम लगे PM Surya Ghar

चालू वित्तीय वर्ष 2026 27 में जिले को 4312 सोलर कनेक्शन लगाने का लक्ष्य मिला है। इसे पूरा करने के लिए मिशन मोड में काम किया जा रहा है। अप्रैल, मई और जून के दौरान 550 से अधिक घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी तथा निजी संस्थानों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 780 नए आवेदनों पर भी स्थापना की प्रक्रिया जारी है।

1700 परिवारों को मिला सीधा लाभ

अब तक जिले के 1700 से अधिक परिवार योजना का लाभ उठा चुके हैं। इन परिवारों ने अपनी छतों पर लगे सोलर पैनलों से 5.88 लाख यूनिट हरित ऊर्जा का उत्पादन किया है। इससे लाभार्थियों को अब तक 25.80 लाख रुपये के बिजली बिल की बचत हुई है। योजना के जरिए लोग अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहे हैं और बिजली खर्च भी कम कर रहे हैं।

1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी

योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी (PM Surya Ghar) दी जा रही है। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा होती है, जिससे सोलर सिस्टम लगाने का खर्च काफी कम हो जाता है और अधिक परिवार इस योजना से जुड़ रहे हैं।

रोजगार के नए अवसर भी बने

रूफटॉप सोलर अभियान से केवल बिजली की बचत ही नहीं हो रही, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। सोलर सिस्टम लगाने वाले तकनीशियन, अधिकृत वेंडर और अन्य संबंधित सेवाओं से जुड़े लोगों को भी इस अभियान का लाभ मिल रहा है। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

बिहान की महिलाओं ने बढ़ाई जागरूकता

ग्रामीण क्षेत्रों में योजना को सफल बनाने में बिहान की महिला स्व सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समूह की महिलाएं गांव गांव जाकर लोगों को योजना की जानकारी दे रही हैं और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग कर रही हैं। बैंक, बिजली विभाग और अधिकृत वेंडरों के समन्वय से योजना का विस्तार लगातार हो रहा है।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

योजना के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किया (PM Surya Ghar) जा सकता है। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर पोर्टल, पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल के मोर बिजली ऐप या टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। जिले में तेजी से बढ़ती भागीदारी यह दिखाती है कि सोलर ऊर्जा अब केवल एक योजना नहीं, बल्कि बिजली बचत, आर्थिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है।

Related Articles

Back to top button