शोएब ढेबर से सांठगांठ के आरोप में इंस्पेक्टर विनीत दुबे निलंबित

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ और पुलिस की गोपनीय जानकारी लीक करने के आरोप में पुलिस निरीक्षक विनीत दुबे को निलंबित कर दिया गया है। बस्तर रेंज के आईजी बद्री नारायण मीणा ने रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के प्रतिवेदन के आधार पर निलंबन आदेश जारी किया है।
मामला तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 से जुड़ा है। पुलिस इस मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। आरोप है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश देने की गोपनीय योजना बनाई थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही शोएब को इसकी जानकारी मिल गई और वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की गोपनीय रणनीति लीक होने को लेकर जांच शुरू की गई। जांच में निरीक्षक विनीत दुबे की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

इस मामले में पुलिस विभाग की यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले एसीसीयू में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया जा चुका है। दोनों पर भी गोपनीय जानकारी लीक करने और आरोपी से कथित संपर्क के आरोप लगे थे। अब निरीक्षक स्तर के अधिकारी पर कार्रवाई होने से पुलिस महकमे में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
निलंबन अवधि में विनीत दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर निर्धारित किया गया है। उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 14 सितंबर को कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से वॉट्सएप के जरिए धमकी दी गई थी। उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। मामले की जांच के दौरान शोएब ढेबर की भूमिका सामने आई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन जमानत मिलने के बाद वह रिहा हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोबारा न्यायालय से उसकी गिरफ्तारी की अनुमति ली। तभी से शोएब ढेबर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।



