छत्तीसगढ़

अब रात में भी होगा कचरा परिवहन, निगम ने शुरू की नाइट शिफ्ट

रायपुर। दिवाली के त्योहारी सीजन में शहर में कचरे की मात्रा बढ़कर लगभग 850 टन प्रतिदिन पहुंच गई थी। सामान्य दिनों में शहर से प्रतिदिन 500 से 700 टन कचरा निकलता है। त्योहारी सीजन में बढ़े कचरे के दबाव को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने कचरा उठाव एवं परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए विशेष कदम उठाए हैं।

निगम द्वारा संबंधित एजेंसी मेसर्स दिल्ली एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशंस लिमिटेड को कचरा उठाव व्यवस्था में सुधार के लिए पत्र जारी किया गया है। इसके साथ ही शहर में कचरा परिवहन का कार्य अब रात्रिकालीन पाली में भी शुरू कर दिया गया है।

निगम के अनुसार रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी ट्रांसफर स्टेशनों से कचरे का उठाव एवं परिवहन लगातार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दिन के समय यातायात के दबाव के कारण प्रभावित होने वाले कचरा परिवहन कार्य की भरपाई करना है।

सभी ट्रांसफर स्टेशनों पर कचरा केवल निर्धारित कम्पैक्टर में ही डालने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में कचरा डालने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। निगम द्वारा अतिरिक्त कचरे का समय पर संग्रहण एवं परिवहन सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button