छत्तीसगढ़

PM Surya Ghar : हर दिन 8 घरों में लग रहे सोलर पैनल, 1700 परिवारों को मिली लाखों रुपये की मुफ्त बिजली

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में सौर ऊर्जा को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ (PM Surya Ghar) रहा है। केंद्र की मुफ्त बिजली योजना के तहत बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं। प्रशासन, बिजली विभाग और स्वयं सहायता समूहों के संयुक्त प्रयास से यह अभियान लगातार गति पकड़ रहा है।

जिले में हर दिन औसतन आठ नए घरों में सोलर संयंत्र लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल बिजली बिल में राहत मिल रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

तेजी से आगे बढ़ रही है मुफ्त बिजली योजना PM Surya Ghar

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 4312 नए कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। बिजली विभाग के अनुसार अप्रैल, मई और जून के दौरान ही 550 से अधिक सोलर संयंत्र घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी तथा निजी कार्यालयों में स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं करीब 780 नए आवेदनों पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

1700 परिवारों को मिला सीधा लाभ

जिले में अब तक 1700 से अधिक परिवार इस योजना का लाभ ले चुके हैं। इन परिवारों ने अपने घरों में लगे सोलर पैनलों से लगभग 5 लाख 88 हजार यूनिट हरित ऊर्जा का उत्पादन किया है। इससे उपभोक्ताओं को अब तक करीब 25 लाख 80 हजार रुपये की मुफ्त बिजली का लाभ मिला है। प्रशासन का कहना है कि जिले में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

1.08 लाख रुपये तक मिल रही सब्सिडी

योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संयुक्त रूप से अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में दी (PM Surya Ghar) जा रही है। इससे आम लोगों के लिए सोलर पैनल लगवाना पहले की तुलना में काफी आसान और किफायती हो गया है।

आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन

योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक उपभोक्ता पीएम सूर्य घर पोर्टल, पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल के मोर बिजली ऐप या टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

आवेदक अपनी पसंद के अधिकृत वेंडर का चयन भी स्वयं कर सकते हैं। योजना के प्रचार प्रसार में बिजली विभाग के साथ पंचायत, ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा विभाग और बिहान समूह की महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

Related Articles

Back to top button