छत्तीसगढ़

Raipur Development : रायपुर के विकास कार्यों में नहीं चलेगी लापरवाही, हर 15 दिन में होगा निरीक्षण, सचिव ने दिए सख्त निर्देश

राजधानी रायपुर में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख (Raipur Development) अपनाया है। शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है। इसके लिए नियमित निरीक्षण और समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में किसी भी विकास कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तकनीकी कारणों से रुके कार्यों को भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हर 15 दिन में होगा निर्माण कार्यों का निरीक्षण Raipur Development

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती शंगीता आर. ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजधानी में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

उन्होंने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक 15 दिन में निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही तकनीकी कारणों से लंबित परियोजनाओं की बाधाएं दूर कर उन्हें तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए।

सफाई और नागरिक सुविधाओं पर विशेष जोर

सचिव ने कहा कि राजधानी के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सभी जोन कमिश्नरों, स्वच्छ भारत मिशन के वार्ड प्रभारियों और नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

जलभराव वाले क्षेत्रों के लिए बनेगी कार्ययोजना

बरसात को देखते हुए शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर व्यापक सफाई अभियान चलाने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

कर्मचारियों को समय पर मिलेगा वेतन

बैठक में सचिव ने नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश (Raipur Development) भी दिए। उनका कहना था कि समय पर वेतन मिलने से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सेवा वितरण दोनों बेहतर होते हैं।

योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी जोर

समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत आवास निर्माण में तेजी लाने और स्वच्छ भारत मिशन के तहत रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने पर भी विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही शत प्रतिशत डोर टू डोर कचरा संग्रहण, कचरा परिवहन व्यवस्था की नियमित निगरानी और नालंदा परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी अधिकारियों (Raipur Development) को दिए गए।

Related Articles

Back to top button