छत्तीसगढ़

नवरात्रि-दशहरा में नॉर्थ जोन पुलिस की कार्रवाई, 177 लोगों पर शिकंजा

रायपुर. नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में विशेष अभियान चलाया गया। 11 से 20 अक्टूबर तक चले अभियान के दौरान पांच थानों की पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 149 प्रकरणों में 177 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई की गई।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में 143 लोग शामिल

पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 120 प्रकरणों में 143 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की। इनमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत 57 प्रकरणों में 68 व्यक्ति तथा धारा 126 और 135(3) के तहत 63 प्रकरणों में 75 व्यक्ति शामिल हैं।

शराब, हथियार और जुआ मामलों में भी कार्रवाई

अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी अधिनियम के तहत 20 प्रकरणों में 20 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत सात प्रकरणों में सात व्यक्ति और जुआ एक्ट के तहत दो प्रकरणों में सात व्यक्ति कार्रवाई के दायरे में आए।

इस तरह 10 दिनों के अभियान में कुल 149 प्रकरणों में 177 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। इसमें सहायक पुलिस आयुक्त पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा का पर्यवेक्षण रहा।

पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।

Related Articles

Back to top button