छत्तीसगढ़

High Court Judgment: गैर-संज्ञेय अपराध में पूर्व अनुमति के बिना जांच अवैध, हाईकोर्ट ने महिला को किया आरोपमुक्त

  • नाबालिग से मारपीट के मामले में आपराधिक कार्यवाही रद्द
  • कोर्ट ने कहा- बाद में मिली अनुमति से पहले की अवैध जांच वैध नहीं हो सकती

बिलासपुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट (High Court Judgment) ने नाबालिग से मारपीट के मामले में आरोपी महिला को बड़ी राहत देते हुए उसके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही और चार्जशीट निरस्त कर दी है। जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी की सिंगल बेंच ने महत्वपूर्ण कानूनी व्यवस्था देते हुए कहा कि गैर-संज्ञेय अपराधों में पुलिस सक्षम मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति के बिना जांच शुरू नहीं कर सकती। जांच के महत्वपूर्ण चरण पूरे होने के बाद मिली अनुमति से पहले की अवैध जांच को वैध नहीं बनाया जा सकता।

मामले के अनुसार, आरोपी महिला नाबालिग पीडि़ता की दूर की रिश्तेदार है। वह 14 वर्षीय बच्ची को बिहार से अपने बच्चे की देखभाल के लिए लाई थी। आरोप था कि 5-6 जुलाई 2025 की दरमियानी रात महिला ने बच्ची के साथ मारपीट की। इसके बाद बच्ची घर से निकल गई और वार्ड पार्षद सहित अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया था।

महिला ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दलील दी कि दोनों अपराध गैर-संज्ञेय होने के बावजूद पुलिस ने मजिस्ट्रेट की पूर्व अनुमति के बिना जांच शुरू कर दी। चिल्ड्रन कोर्ट ने 8 दिसंबर 2025 को जांच और गिरफ्तारी की अनुमति दी थी, लेकिन तब तक पुलिस कई महत्वपूर्ण कार्रवाई कर चुकी थी।

मेडिकल जांच और गवाहों के बयान पहले ही दर्ज

हाईकोर्ट ने केस डायरी और दस्तावेजों का परीक्षण किया। इसमें सामने आया कि अनुमति मिलने से पहले पुलिस घटनास्थल का नक्शा तैयार कर चुकी थी, पीडि़ता की मेडिकल जांच करा चुकी थी और गवाहों के बयान भी दर्ज कर लिए गए थे। कोर्ट ने इन प्रक्रियाओं को जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना।

अदालत ने बीएनएसएस की धारा 174 का उल्लेख करते हुए कहा कि गैर-संज्ञेय अपराध में जांच शुरू करने से पहले सक्षम मजिस्ट्रेट का आदेश अनिवार्य है। बाद में मिली अनुमति पहले की कानूनी खामी दूर नहीं कर सकती। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने चिल्ड्रन कोर्ट का 8 अप्रैल 2026 का आदेश रद्द करते हुए चार्जशीट और पूरी आपराधिक कार्यवाही निरस्त कर दी। साथ ही आरोपी महिला को आरोपों से मुक्त कर दिया।

Related Articles

Back to top button