Two Maoists surrender: 13 लाख के इनामी दो माओवादी कैडरों ने छोड़ी हिंसा, बीजापुर में किया आत्मसमर्पण

ओडिशा में संभाल रहे थे संगठन की अहम जिम्मेदारी
महिला कैडर 2006 से तो पुरुष कैडर 2008 से था सक्रिय
बीजापुर/नवप्रदेश। माओवादी संगठन के लिए लंबे समय तक काम करने वाले दो इनामी कैडरों (Two Maoists surrender) ने आखिरकार हिंसा का रास्ता छोड़ दिया। पड़ोसी राज्य ओडिशा में सक्रिय संगठन की अहम जिम्मेदारियां संभाल रहे इन दोनों कैडरों ने बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें महिला कैडर नागमणी कुड़मे उर्फ शीला पर 8 लाख और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू पर 5 लाख रुपये का इनाम था। इस आत्मसमर्पण को छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में माओवादी नेटवर्क पर बढ़ते दबाव के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, नागमणी कुड़मे ओडिशा में माओवादी संगठन की बटालियन नंबर 8 में कंपनी पार्टी कमेटी सदस्य के रूप में सक्रिय थी। वह मूल रूप से बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के चिपुरभट्टी की रहने वाली है। वहीं गंगा सोढ़ी बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडीतुमनार गादेपारा का निवासी है। वह ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र में एरिया कमेटी सदस्य की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
2006 से सक्रिय नागमणी पर कई बड़ी घटनाओं में भूमिका का आरोप
नागमणी वर्ष 2006-07 में माओवादी संगठन से जुड़ी थी। करीब दो दशक तक संगठन में सक्रिय रहते हुए उसने अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2011 में तिमापुर-चिंतलनार क्षेत्र में हुई उस घटना में भी उसकी भूमिका बताई गई है,जिसमें तीन जवान शहीद हुए थे। वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हुई मुठभेड़ों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।
बाल संघम से एरिया कमेटी तक पहुंचा गंगा
गंगा सोढ़ी ने वर्ष 2008 में बाल संघम सदस्य के रूप में संगठन में प्रवेश किया था। धीरे-धीरे संगठन में उसकी जिम्मेदारी बढ़ती गई और वह एरिया कमेटी सदस्य बन गया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2014 में कोंटा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में भी उसकी भूमिका बताई गई है, जिसमें 15 पुलिस जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2016, 2017 और 2018 की कई घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।
लगातार आत्मसमर्पण से कमजोर पड़ रहा सीमावर्ती नेटवर्क
बीजापुर में ओडिशा में सक्रिय माओवादी कैडरों के लगातार आत्मसमर्पण से संगठन के सीमावर्ती नेटवर्क पर दबाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। इससे पहले 12 अक्टूबर 2026 को भी ओडिशा में सक्रिय चार माओवादियों सहित छह कैडरों ने बीजापुर में आत्मसमर्पण किया था। उन सभी पर कुल 35 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अब दो और इनामी कैडरों के हिंसा छोड़ने से सुरक्षा एजेंसियों के प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुनर्वास नीति से मिलेगी नई शुरुआत
छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत दोनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता,कौशल विकास प्रशिक्षण,आवास,शिक्षा,स्वरोजगार और रोजगार संबंधी सुविधाएं दी जाएंगी। पुलिस के मुताबिक,इस आत्मसमर्पण में डीआरजी, एसटीएफ,कोबरा और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के बीच समन्वय की अहम भूमिका रही। सुरक्षा बलों के अभियान के साथ पुनर्वास नीति के जरिए भटके लोगों को हिंसा छोड़कर सामान्य जीवन में लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।



