खेलछत्तीसगढ़

CG Ranji Team 2026 Captain Anuj Tiwari: सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत ही जीत की कुंजी

CG Ranji Team 2026 Captain Anuj Tiwari: राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक नव प्रदेश कार्यालय पहुंचे युवा क्रिकेटर अनुज तिवारी

2026-27 रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की कमान संभालेंगे अभनपुर के युवा क्रिकेटर

रायपुर/नवप्रदेश। छत्तीसगढ़ के अभनपुर के युवा क्रिकेटर अनुज तिवारी को आगामी 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन (CG Ranji Team 2026 Captain Anuj Tiwari) के लिए छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। कप्तानी की नई जिम्मेदारी के साथ अनुज अब टीम को बेहतर प्रदर्शन और नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। सोमवार को अनुज तिवारी राष्ट्रीय हिन्दी दैनिक नव प्रदेश कार्यालय पहुंचे और क्रिकेट की तैयारी, रणजी तक के अपने सफर, भविष्य के लक्ष्य और टीम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। अनुज तिवारी ने कहा कि क्रिकेट में सफलता हासिल करने के लिए प्रतिभा के साथ निरंतर मेहनत और अनुशासन सबसे जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सपने देखना जरूरी है, लेकिन उन सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करना उससे भी ज्यादा जरूरी है।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। खिलाड़ी को सबसे पहले खुद के प्रति ईमानदार रहना चाहिए। अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने की लगातार कोशिश ही उसे आगे ले जाती है। उन्होंने कहा कि हर काम में मेहनत और लगन जरूरी है। आप जितनी ईमानदारी और मेहनत से अपना लक्ष्य हासिल करने की कोशिश करेंगे, सफलता भी उतनी ही बड़ी होगी। उन्होंने अपने रणजी सफर को संघर्ष, अनुभव और सीख से भरा बताते हुए कहा कि हर मुकाबला खिलाड़ी को कुछ नया सिखाता है। अनुज ने बताया कि उनके पिता ने हमेशा कहा कि कुछ बेहतर करना है तो उसके लिए बड़ा लक्ष्य रखो और उस हिसाब से अपनी तैयारी तभी सफलता मिलेगी।

सात मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य

आगामी रणजी सीजन को लेकर अनुज (CG Ranji Team 2026 Captain Anuj Tiwari) ने कहा कि इस बार टीम के सामने कई महत्वपूर्ण मुकाबले होंगे। सीजन में सात मैच खेले जाएंगे और टीम का प्रयास पिछले प्रदर्शन से बेहतर परिणाम हासिल करने का रहेगा। कप्तान के रूप में उनका लक्ष्य टीम के सभी खिलाडिय़ों को साथ लेकर मैदान में उतरना और सामूहिक प्रदर्शन के जरिए छत्तीसगढ़ को मजबूत स्थिति में पहुंचाना है।

कप्तानी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी

अनुज (CG Ranji Team 2026 Captain Anuj Tiwari) ने बताया कि टीम की तैयारियां जारी हैं। कोच के मार्गदर्शन में खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं। फिटनेस, तकनीक और मैच की परिस्थितियों के अनुरूप तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अनुज ने कहा कि कप्तानी उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है और वे इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। रायपुर जिले के अभनपुर से निकलकर रणजी टीम की कप्तानी तक पहुंचे अनुज तिवारी की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा है। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि प्रतिभा को सही दिशा, लगातार अभ्यास और मेहनत का साथ मिले तो छोटे शहर और कस्बों से भी बड़े क्रिकेटर निकल सकते हैं।

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button