Rajnandgaon Cricket News : राजनांदगांव की महक को BCCI का बुलावा, रणजी टीम के संभावित खिलाड़ियों में चार क्रिकेटर शामिल
राजनांदगांव। जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DCA) के खिलाड़ियों को बड़ी उपलब्धि मिली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 टीम के हाई परफॉर्मेंस प्रशिक्षण शिविर के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बुलाया है। वहीं छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने 2026-27 सत्र की रणजी ट्रॉफी और अंडर-23 टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में राजनांदगांव के छह खिलाड़ियों को शामिल किया है।
Rajnandgaon Cricket News : महक नरवासे ने शानदार प्रदर्शन से बनाई पहचान
राजनांदगांव की महिला क्रिकेटर महक नरवासे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है। हाल ही में उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम की उपकप्तान के रूप में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई एक दिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया था। इस सीरीज में महक ने सर्वाधिक विकेट लेकर अपनी प्रतिभा साबित की।
उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित हाई परफॉर्मेंस प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित किया है। यह उपलब्धि राजनांदगांव जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा मानी जा रही है।
रणजी टीम के संभावित खिलाड़ियों में चार को जगह
छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में राजनांदगांव के चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इनमें अजय मंडल, विकल्प तिवारी, दीपक यादव और 16 वर्षीय अर्षवीर भाटिया शामिल हैं।
यह पहला अवसर है जब राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन के चार खिलाड़ियों को एक साथ रणजी ट्रॉफी टीम के संभावित खिलाड़ियों में स्थान मिला है। इससे जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
अर्षवीर को कम उम्र में मिला बड़ा मौका
महज 16 वर्षीय अर्षवीर भाटिया ने जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर सीधे रणजी संभावित टीम में जगह बनाई है। उनके खेल कौशल और लगातार बेहतर प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं विकल्प तिवारी ने पिछले सत्र में लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है। दीपक यादव ने अंडर-23 टीम की कप्तानी करते हुए बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावी प्रदर्शन किया था, जिसका उन्हें पुरस्कार मिला है।
अंडर-23 टीम में भी राजनांदगांव के खिलाड़ियों का दबदबा
छत्तीसगढ़ की अंडर-23 टीम के संभावित खिलाड़ियों की सूची में भी राजनांदगांव के आरिन द्विवेदी और बी बालाजी राव को शामिल किया गया है। जिले के खिलाड़ियों की लगातार हो रही इस सफलता से क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है।
15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मिलेगा अनुभव
बेंगलुरु में आयोजित 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ रणजी टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच अमय खुरासिया खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस शिविर के माध्यम से खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार, फिटनेस और मैच रणनीति पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
क्रिकेट के बढ़ते स्तर का परिणाम
राजनांदगांव जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि जिले में क्रिकेट के बढ़ते स्तर और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिले के खिलाड़ी लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। आने वाले सत्र में इन खिलाड़ियों से छत्तीसगढ़ और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।



