Uncategorized

मुक्त व्यापार समझौतों से छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को मिलेंगे नए अवसर, 12 नवंबर को रायपुर में होगी कार्यशाला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसरों से जोड़ने और निर्यात की संभावनाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से 12 नवंबर को रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से होने वाली इस कार्यशाला में मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यशाला सुबह 10:30 बजे से वीआईपी रोड स्थित होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत उपलब्ध कारोबारी अवसरों से अवगत कराया जाएगा।

कार्यशाला में विशेष रूप से यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के बाजारों पर फोकस रहेगा। इन समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य अथवा रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे प्रदेश के उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने और निर्यात कारोबार को विस्तार देने की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

क्षेत्रवार सत्रों में मिलेगी व्यावहारिक जानकारी

कार्यशाला में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, निर्यात के अवसरों, उत्पत्ति के नियमों, गैर-शुल्क बाधाओं और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। इसका उद्देश्य निर्यातकों को समझौतों की प्रक्रियाओं और उपलब्ध सुविधाओं की व्यावहारिक जानकारी देना है, ताकि वे इनका प्रभावी उपयोग कर सकें।

कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button