छत्तीसगढ़

नक्सल प्रभावित रहे बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी, बोले- कभी नक्सलवाद का था बोलबाला, अब विकास की बहार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दिवाली छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाएंगे। उन्होंने दिवाली की सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने बस्तर दौरे की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह देश के बहादुर सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाने जा रहे हैं। यह वही इलाका है, जहां कभी नक्सलवाद का बोलबाला था, लेकिन अब यहां विकास की नई तस्वीर देखने को मिल रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि दीपावली के पावन अवसर पर वह बस्तर जा रहे हैं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वह देश के वीर जवानों के बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और निस्वार्थ सेवा देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

हर साल जवानों के बीच मनाते हैं दिवाली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल दिवाली का पर्व देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के साथ मनाते रहे हैं। पिछले साल 20 अक्टूबर 2025 को उन्होंने गोवा में भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ दिवाली मनाई थी। इस बार उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर को चुना है। उनका यह दौरा नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों की भूमिका और बदलते हालात के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

2014 से जवानों के बीच मना रहे दिवाली

प्रधानमंत्री बनने के बाद से नरेंद्र मोदी ने दिवाली के अवसर पर अलग-अलग सीमावर्ती और सामरिक महत्व वाले क्षेत्रों में पहुंचकर जवानों के साथ त्योहार मनाया है। वर्ष 2014 में सियाचिन से शुरू हुआ यह सिलसिला लगातार जारी है।

  • 2014 : सियाचिन, लद्दाख
  • 2015 : खासा बॉर्डर, पंजाब
  • 2016 : सुमदो, हिमाचल प्रदेश
  • 2017 : गुरेज सेक्टर, जम्मू-कश्मीर
  • 2018 : हर्षिल, उत्तराखंड
  • 2019 : राजौरी, जम्मू-कश्मीर
  • 2020 : जैसलमेर, राजस्थान
  • 2021 : नौशेरा, जम्मू-कश्मीर
  • 2022 : करगिल, लद्दाख
  • 2023 : लेपचा, हिमाचल प्रदेश
  • 2024 : सर क्रीक, गुजरात
  • 2025 : आईएनएस विक्रांत, गोवा

वीडियो संदेश जारी कर दी थी शुभकामनाएं

बस्तर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा था कि दीपावली का पावन पर्व है और पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का परिचय देता है। उन्होंने यह भी बताया था कि इस बार भी वह देश के वीर जवानों के बीच दिवाली मनाएंगे।

Related Articles

Back to top button