छत्तीसगढ़

Alcohol News Korba: कोलगा में शराब पर वार, महिलाओं की ललकार, गांव में बेचा तो खाओगे मार…

  • महिलाओं ने लाठी लेकर गांव में जागरुकता मार्च निकाला, सीधे थाने पहुंचाने की चेतावनी
  • कोरबा जिले के कोलगा गांव में शराबबंदी का फैसला, गांव में बैठक कर लिया निर्णय
  • शराब बनाने और बेचने वालों को पुलिस के हवाले करने की दीदियों ने दी चेतावनी

कोरबा/नवप्रदेश। कोरबा जिले के कोलगा (Alcohol News Korba) गांव में ग्रामीणों ने बैठक कर पूर्ण शराबबंदी का फैसला लिया। शुक्रवार को हुई बैठक में तय किया गया कि गांव में कोई शराब नहीं बेचेगा, पीएगा भी नहीं और न ही कोई बनाएगा। फैसले के बाद महिलाएं लाठी लेकर गांव की गलियों में निकलीं और शराब बंद करने के नारे लगाए। उन्होंने शराब बनाने वालों के घर जाकर उन्हें समझाइश दी… सुधार जाओ नहीं तो मार पड़ेगी और जेल जाने से कोई रोक नहीं पाएगा।

ग्रामीणों ने कहा कि शराब बनाते या बेचते पकड़े जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ गांव (Alcohol News Korba) में कार्रवाई की जाएगी और उसे पुलिस को सौंपा जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब की अवैध बिक्री से गांव का माहौल बिगड़ रहा है। उनके मुताबिक, पुरुषों के साथ स्कूली बच्चे और महिलाएं भी शराब की लत में पड़ रहे हैं। इससे घरेलू कलह और मारपीट की घटनाएं बढ़ रही हैं।

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों की पहल को सराहा

यह फैसला (Alcohol News Korba) सरपंच संतराम राठिया की मौजूदगी में लिया गया। सूचना मिलने पर करतला थाना प्रभारी भी गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की पहल की सराहना की और कहा कि पुलिस अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि शराब की वजह से घर बर्बाद हो रहे हैं। ग्रामीण ऐसी गतिविधियों की सूचना देंगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी। करतला थाना क्षेत्र का यह गांव दूसरे गांवों के लिए नजीर बनेगा।

शिकायत के बाद ग्रामीणों ने उठाया कदम

ग्रामीणों का कहना है कि वे आबकारी विभाग और पुलिस से पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं। कार्रवाई के बावजूद शराब की बिक्री जारी रहने पर उन्होंने खुद यह कदम उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में फिर महुआ शराब बेची गई तो महिला समिति कार्रवाई करेगी। महिला समिति ने स्पष्ट किया है कि गांव में दोबारा महुआ शराब बनाने या बेचने की गतिविधि सामने आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी जाएगी। ग्रामीणों ने इस अभियान में पूरे गांव की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही है।

लाठी लेकर गलियों में निकलीं महिलाएं

शराबबंदी (Alcohol News Korba) के फैसले के बाद महिलाओं ने गांव में जागरुकता अभियान चलाया। वे समूह बनाकर गलियों में पहुंचीं और लोगों से शराब से दूर रहने की अपील की। हाथों में लाठियां लेकर निकली महिलाओं ने अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को भी चेतावनी दी। महिलाओं ने शराब बनाने की गतिविधियों में शामिल लोगों के घर जाकर उन्हें समझाया कि गांव में अब इस तरह का काम स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस अभियान में महिलाओं की भागीदारी को गांव के शराबबंदी निर्णय का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। ग्रामीणों ने भी इस मुहिम में सहयोग करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button