छत्तीसगढ़

राहुल गांधी के आवास पर दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए चरणदास महंत, सोनिया और प्रियंका गांधी से की मुलाकात

देश की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर हुई चर्चा, प्रेम-सद्भाव और एकजुटता का दिया संदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निवास 5, सुनहरी बाग रोड पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं सांसद सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत सहित देशभर से पहुंचे वरिष्ठ नेताओं और गणमान्यजनों से मुलाकात की।

समारोह के दौरान देश की वर्तमान राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर सार्थक चर्चा हुई। डॉ. महंत ने इस मुलाकात को आत्मीय और सौहार्दपूर्ण बताया।

इस अवसर पर डॉ. महंत ने कहा कि दीपावली का पर्व संदेश देता है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, आशा और विश्वास का एक दीपक उसे मिटाने की शक्ति रखता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश के सामने नफरत, वैमनस्य और विभाजनकारी राजनीति जैसी चुनौतियां हैं। ऐसे में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा और आपसी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं।

उन्होंने सभी से प्रेम और सौहार्द के दीप जलाने तथा मजबूत, समरस और खुशहाल भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button