Women’s T20 World Cup Final: लॉर्ड्स में कल ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड के बीच महामुकाबला, अजेय टीमों में होगी खिताबी जंग
महिला टी-20 विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। फाइनल में टूर्नामेंट की दो अजेय टीमें ऑस्ट्रेलिया और मेजबान इंग्लैंड आमने-सामने होंगी। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया सातवें खिताब के साथ अपनी 150वीं महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी, जबकि इंग्लैंड घरेलू मैदान का फायदा उठाकर 17 साल बाद विश्व चैंपियन बनने की कोशिश करेगा।
फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का रहा है दबदबा
महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रहा है। 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके अलावा दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले आठ टी-20 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने छह में जीत हासिल की है।
लॉर्ड्स में इंग्लैंड का रिकॉर्ड भी शानदार
मेजबान इंग्लैंड के लिए राहत की बात यह है कि लॉर्ड्स में उसका रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। इंग्लैंड ने इस मैदान पर खेले गए सभी चार महिला टी-20 मुकाबले जीते हैं। इनमें 2009 का पहला महिला टी-20 विश्व कप फाइनल भी शामिल है, जब इंग्लैंड ने खिताब जीता था।
एलिस पेरी की फिटनेस पर नजर
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ी चिंता अनुभवी ऑलराउंडर एलिस पेरी की फिटनेस है। वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल के दौरान उनकी जांघ में चोट लगी थी। हालांकि टीम प्रबंधन ने संकेत दिए हैं कि बड़े मुकाबले को देखते हुए उन्हें फिटनेस जोखिम के बावजूद अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है।
इंग्लैंड को कप्तान साइवर ब्रंट से उम्मीद
इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट चोट से वापसी के बाद शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर टीम को फाइनल में पहुंचाया था। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच इंग्लैंड उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद करेगा।



