खेलछत्तीसगढ़

Arun Sao Sports News: डिप्टी सीएम साव का बड़ा ऐलान: 6 नए जिलों में नियुक्त होंगे खेल अधिकारी

-छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की तैयारी
-नवा रायपुर और जशपुर में 67 करोड़ रुपये की लागत से बन रही तीरंदाजी अकादमी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण व जिला स्तर की खेल प्रतिभाओं (Arun Sao Sports News) को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया है। राज्य के छह नवगठित जिलों में जिला खेल अधिकारी के पदों पर नियुक्ति की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि जिला खेल अधिकारियों की नियुक्ति से स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों के संचालन, खिलाडिय़ों के प्रशिक्षण और खेल योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। इसके साथ ही प्रदेश में जल्द ही हॉकी लीग का आयोजन भी किया जाएगा।

इन छह जिलों में नियुक्त होंगे जिला खेल अधिकारी

  • मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
  • खैरागढ़-छुईखदान-गंडई
  • सक्ती
  • मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
  • सारंगढ़-बिलाईगढ़
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से संबंधित जिलों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, खिलाडिय़ों के चयन, प्रशिक्षण शिविरों और खेल योजनाओं की निगरानी के लिए प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी।

नवा रायपुर और जशपुर में बन रही तीरंदाजी अकादमी

Arun Sao Sports News: उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नवा रायपुर और जशपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है। इन अकादमियों में खिलाडिय़ों को आधुनिक उपकरणों, प्रशिक्षित कोच और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे प्रदेश के उभरते तीरंदाजों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर मंच मिलेगा।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का बजट

राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं की पहचान और उनके व्यवस्थित प्रशिक्षण के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन की शुरुआत की है। इस मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की पहचान कर उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, खेल उपकरण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।

14 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया पटियाला

प्रदेश के खिलाडिय़ों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए राज्य के 14 खेल प्रशिक्षकों को पटियाला भेजा गया है। वहां प्रशिक्षकों को आधुनिक खेल तकनीक, फिटनेस, प्रशिक्षण पद्धति और खेल विज्ञान से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये प्रशिक्षक प्रदेश के खिलाडिय़ों को नवीनतम तकनीकों के आधार पर तैयार करेंगे।

छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी हॉकी लीग

उपमुख्यमंत्री अरुण साव (Arun Sao Sports News) ने प्रदेश में जल्द ही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित करने की घोषणा भी की है। हॉकी लीग के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिलेगा। सरकार को उम्मीद है कि हॉकी लीग से जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाएं सामने आएंगी। इसके साथ ही प्रदेश में हॉकी के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा और खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर अवसर

छह जिलों में खेल अधिकारियों की नियुक्ति, तीरंदाजी अकादमियों का निर्माण, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन और हॉकी लीग जैसे फैसलों को प्रदेश में खेलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन पहलों से खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलने की संभावना है।

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button