कर्मवीर के रायपुर आने और पवन साय के झारखंड जाने की तारीख तय नहीं

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में राज्यों के प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन महामंत्रियों की नई नियुक्तियों के बाद अब नए पदाधिकारियों के राज्यों में दौरे का इंतजार है। छत्तीसगढ़ की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के रायपुर आने की तारीख फिलहाल तय नहीं हुई है। पार्टी की ओर से 29 सितंबर को दिल्ली में नए नियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों की बैठक बुलाई गई है। इसके बाद ही दोनों के रायपुर दौरे की तस्वीर साफ होगी। स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए जाने की पुष्टि हालिया संगठनात्मक बदलाव में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नेता एक साथ रायपुर आएंगे। संगठन स्तर पर एक संभावना 7 अक्टूबर को राजधानी में होने वाले सेवा ज्योति यात्रा के बड़े कार्यक्रम में उनके शामिल होने की भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी इस कार्यक्रम में दोनों नेताओं के आने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कर्मवीर और पवन साय का भी इंतजार
छत्तीसगढ़ के संगठन महामंत्री बनाए गए कर्मवीर के रायपुर आने और झारखंड के संगठन महामंत्री बनाए गए पवन साय के झारखंड जाने की तारीख भी अभी तय नहीं हुई है। राष्ट्रीय संगठन की बैठक के बाद ही इन दोनों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
नितिन नबीन के बाद बदला प्रभार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन के पास छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी नहीं रही। इसके बाद पार्टी ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी नियुक्त किया है।
पहले सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के 29 सितंबर को होने वाले सेवा संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में रायपुर आने की संभावना थी। लेकिन इसी दिन दिल्ली में नए नियुक्त प्रभारियों और सह प्रभारियों की बैठक होने के कारण अब उनका रायपुर दौरा 29 सितंबर के बाद ही होने की संभावना है।
7 अक्टूबर के कार्यक्रम पर नजर
पार्टी संगठन से जुड़े नेताओं के मुताबिक, 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। राजधानी रायपुर में चार विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसी कार्यक्रम में नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के पहुंचने की भी चर्चा है। फिलहाल अंतिम कार्यक्रम का इंतजार है।



