Surguja News : 4 साल से बिना सूचना गायब कर्मचारी पर गिरी गाज, शिक्षा विभाग ने सेवा से किया बर्खास्त

शिक्षा विभाग ने लंबे समय से बिना अनुमति और बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-03 सूरज कुमार भगत की सेवा समाप्त कर दी है। विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा ने यह आदेश जारी किया।
जानकारी के अनुसार सूरज कुमार भगत शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मणगढ़, विकासखंड उदयपुर सरगुजा में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ थे। वे 17 मार्च 2021 से लगातार बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। विभाग द्वारा कई बार कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित कर उन्हें उपस्थित होकर जवाब देने का अवसर भी दिया गया, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय सीमा में कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया।
मामले को गंभीर मानते हुए शिक्षा विभाग ने विभागीय जांच प्रारंभ की। जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे। जांच के दौरान वे अपनी अनुपस्थिति के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज अथवा उचित कारण भी प्रस्तुत नहीं कर सके।
विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी कर सूरज कुमार भगत की सेवा समाप्त कर दी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासकीय सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
चार साल की अनधिकृत अनुपस्थिति पड़ी भारी
शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मणगढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-03 सूरज कुमार भगत 17 मार्च 2021 से बिना अनुमति ड्यूटी से गायब थे। विभाग द्वारा नोटिस और सार्वजनिक सूचना देने के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा ने उनकी सेवा समाप्त कर दी।



