नई परफॉर्मेंस एसयूवी का इंतजार कर रहे कार प्रेमियों के लिए बड़ी खबर सामने (Skoda Kodiaq RS) आई है। शानदार ताकत, तेज रफ्तार और सीमित उपलब्धता के कारण इस नई एसयूवी को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। हालात ऐसे रहे कि बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनटों में इसकी पहली खेप पूरी तरह खत्म हो गई।
कंपनी ने इस मॉडल को खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए तैयार किया है जो लग्जरी के साथ हाई परफॉर्मेंस वाली एसयूवी पसंद करते हैं। लॉन्च के साथ ही इस गाड़ी ने बाजार में अपनी अलग पहचान बना ली है।
6 मिनट में बिक गई पहली 50 गाड़ियां Skoda Kodiaq RS
स्कोडा ऑटो ने भारतीय बाजार में स्कोडा कोडियाक आरएस को 66.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है। कंपनी पहले चरण में इस एसयूवी की केवल 50 यूनिट भारत लाई थी। बुकिंग शुरू होने के महज 6 मिनट के भीतर सभी यूनिट बुक हो गईं।
दमदार इंजन और शानदार रफ्तार
इस एसयूवी में 2.0 लीटर टीएसआई टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 265 पीएस की अधिकतम पावर और 400 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। इंजन के साथ 7 स्पीड डीएसजी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस और बेहतर हो जाती है।
सिर्फ 6.3 सेकंड में पकड़ती है 100 की रफ्तार
यह एसयूवी 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार केवल 6.3 सेकंड में हासिल कर लेती है। कंपनी के अनुसार इसकी अधिकतम रफ्तार 231 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो इसे भारत में उपलब्ध सबसे तेज स्कोडा मॉडलों में शामिल करती है।
मिलेंगे कई खास फीचर्स
आरएस संस्करण में स्टैंडर्ड मॉडल की तुलना में कई एक्सक्लूसिव फीचर्स (Skoda Kodiaq RS) दिए गए हैं। इसमें ग्लॉसी ब्लैक फ्रंट ग्रिल, इल्यूमिनेटेड ग्रिल, ब्लैक रूफ रेल, ब्लैक ओआरवीएम, विशेष फ्रंट और रियर बंपर, आरएस बैजिंग, स्टेनलेस स्टील एग्जॉस्ट फिनिशर और 20 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं। यह एसयूवी मून व्हाइट, मैजिक ब्लैक, वेलवेट रेड और स्टील ग्रे समेत चार रंग विकल्पों में उपलब्ध होगी।
खास मौके पर हुई लॉन्चिंग
कंपनी ने इस मॉडल को ऐसे समय लॉन्च किया है जब उसकी आरएस बैजिंग के 50 वर्ष और मोटरस्पोर्ट विरासत के 125 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी अवसर पर कंपनी ने अपनी नई परफॉर्मेंस कैंपेन की भी शुरुआत (Skoda Kodiaq RS) की है।



