घर में अकेली महिला को देखकर घुसा पड़ोसी, छेड़छाड़ के आरोप में 60 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर। घर में अकेली महिला को देखकर बुरी नीयत से घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के मामले में रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 28 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे की है। प्रार्थिया का पति पूजा करने मंदिर गया हुआ था। इसी दौरान महिला घर में अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला राजकुमार यादव महिला को अकेला देखकर उसके घर में घुस गया और पीछे से पकड़कर उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने लगा।

महिला के चिल्लाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने थाना रतनपुर पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला संबंधी गंभीर अपराध की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार आरोपी राजकुमार यादव (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय प्यारेलाल यादव, निवासी बूढ़ामहादेवपारा, रतनपुर, जिला बिलासपुर है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक विकास सेंगर एवं आरक्षक पवन ठाकुर का विशेष योगदान रहा।



