Uncategorized

चीक समाज के सामाजिक भवन के लिए 50 लाख और महतारी सदन के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि चीक समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरागत कौशल और सामाजिक एकजुटता छत्तीसगढ़ की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत बनकोम्बो में चीक समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और ग्राम जोकरी में महतारी सदन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। सम्मेलन में विभिन्न प्रांतों से आए समाज के पदाधिकारियों और हजारों की संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीक समाज ने अपनी मेहनत, हुनर और परंपरागत वस्त्र निर्माण के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की यह पारंपरिक कला उसकी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली विरासत है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं।

सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 दिसंबर को प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवधि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए काम किया गया है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक 33 किस्तों के माध्यम से 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से भी नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की गई है, जिससे 8 हजार से अधिक अधिकारियों को जोड़ा गया है।

किसानों और श्रद्धालुओं के लिए योजनाओं का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। वहीं, प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा के अनुरूप अंतर की राशि का लाभ देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने रामलला दर्शन योजना के तहत 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के अयोध्या धाम दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 10 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थयात्रा का अवसर मिलने की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने समाज के लोगों से शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति से ही प्रदेश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सत्यनारायण बड़ाईक, सरपंच मंजू भगत, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, उपेंद्र यादव सहित विभिन्न प्रांतों से आए सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button