छत्तीसगढ़

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों और प्रतिबंधित सामग्री पर होगी वैधानिक कार्रवाई

रायपुर। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम संयुक्त सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश पर 28 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे जिला पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान के साथ इमरजेंसी ड्रिल का अभ्यास किया।

यह कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल एवं एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस और रक्षित केंद्र रायपुर के करीब 50 महिला एवं पुरुष जवान शामिल हुए।

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों और प्रतिबंधित सामग्री पर होगी वैधानिक कार्रवाई

प्लेटफॉर्म और आउटर क्षेत्र की घेराबंदी कर हुई जांच

अभियान की शुरुआत में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 7 सहित आउटर क्षेत्रों की घेराबंदी की गई। इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वॉड, आरपीएफ और जिला पुलिस की डॉग स्क्वॉड टीमों ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों, उनके सामान और स्टेशन परिसर की बारीकी से जांच की गई।

संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ, प्रतिबंधित सामग्री भी मिली

चेकिंग के दौरान कुछ व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उनकी पहचान और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं, कुछ व्यक्तियों के पास प्रतिबंधित सामग्री भी मिली है। संबंधित इकाइयों द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कई थानों के अधिकारी रहे मौजूद

संयुक्त अभियान में आरपीएफ निरीक्षक करम पाल सिंह गुर्जर, जीआरपी निरीक्षक रजनीश कौशिक, थाना गंज निरीक्षक दीपक पासवान, थाना गुढ़ियारी निरीक्षक नरेंद्र साहू तथा रक्षित केंद्र रायपुर के निरीक्षक लव कुमार कवर एवं निरीक्षक राम अवतार पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button