Shiv Sena: शिवसेना ने सोनिया की किताब फाड़ी, बैन की मांग

- -सावरकर और मराठी अस्मिता के अपमान का आरोप
- -वायएसआर कांग्रेस और बीआरएस भी नाराज
मुंबई/ए.। शिवसेना (Shiv Sena) ने बुधवार को सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव को बैन करने की मांग की। पार्टी के नेताओं ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब के पन्नों को फाड़ा। शिवसेना का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। उधर, कांग्रेस की सहयोगी पार्टी वॉयएसआर कांग्रेस और बीआरएस ने भी इस किताब को लेकर नाराजगी जताई है। वॉयएसआर कांग्रेस के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने कहा- सोनिया गांधी वॉयएसआर कांग्रेस के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कहा कि सोनिया ने किताब में तेलंगाना का जिक्र तक नहीं किया। सोनिया की किताब 10 नवंबर को बाजार में बिकना शुरू हुई थी। 16 नवंबर को लॉन्च की गई।
शिवसेना (Shiv Sena) की नाराजगी की 2 वजह: 1. पेज नंबर 201 पर सावरकर का जिक्र: आरएसएस की राजनीति को लेकर इंदिरा गांधी की नाराजगी आजादी की लड़ाई के समय से ही थी। जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों की मार झेल रहे थे और जेल जा रहे थे, तब आरएसएस के बड़े विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे। आरएसएस के कुछ सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिरी भी करते थे। आरएसएस, कांग्रेस और उसकी विचारधारा को हिंदू राष्ट्र बनाने की राह में सबसे बड़ी रुकावट मानता था। इस सोच में दूसरे धर्मों के लोगों को दूसरे दर्जे का नागरिक माना जाता था।
आरएसएस के बड़े विचारकों ने अपनी किताबों और भाषणों में हिटलर और अल्पसंख्यकों को लेकर उसकी नीतियों की तारीफ की थी। इंदिरा गांधी को डर था कि ऐसी विचारधारा देश की एकता के लिए खतरा बन सकती है। इमरजेंसी लगाने से पहले इंदिरा गांधी के मन में यह सवाल था कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए या देश को सांप्रदायिक और दक्षिणपंथी ताकतों से बचाने के लिए कड़ा कदम उठाना चाहिए।
पेज नंबर 443 पर हिंदू सुप्रीमेसिस्ट का जिक्र- इस पेज पर सावरकर को ‘हिंदुत्व’ विचारधारा का जनक बताया गया है। कहा गया है कि उन्होंने भारत को मुख्य रूप से ‘जहां हिंदू सबसे ऊपर हैं’ (हिंदू सुप्रीमेसिस्ट) के नज़रिए से देखा और संघ परिवार और बीजेपी इसी भूमिका को आगे बढ़ा रहे हैं। शिवसेना ने आरोप लगाया कि यह झूठी कहानी फैलाने की एक चाल है।
वायएसआर कांग्रेस और बीआरएस ने भी नाराजगी जताई
वायएसआर कांग्रेस के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वाईएस राजशेखर रेड्डी के योगदान का जिक्र क्यों नहीं किया। वायएसआर ने पदयात्रा के जरिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत किया था। उनकी वजह से 2004 और 2009 में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली और केंद्र में यूपीए सरकार बनाने में भी मदद मिली।
बीआरएस सोनिया के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं
भारत राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लिए सोनिया गांधी के दिल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया की किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं है।



