छत्तीसगढ़

Honeybee attack: स्वामी आत्मानंद स्कूल में मधुमक्खियों का कहर, 50 से अधिक बच्चे घायल

  • स्कूल परिसर में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने किया हमला
  • डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
  • अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया गंभीर लापरवाही का आरोप

नीलांचल गौड़

बैकुंठपुर/नवप्रदेश। कोरिया जिले के चरचा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम स्कूल (Honeybee attack) में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने छात्र-छात्राओं पर हमला कर दिया। इस हमले में 50 से अधिक बच्चे मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घायलों में डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चों को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। फिलहाल किसी बच्चे की हालत गंभीर होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, चरचा (Honeybee attack) स्थित इस स्कूल में 300 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बुधवार को सुबह अंग्रेजी माध्यम के बच्चों की छुट्टी दोपहर 12 बजे हुई थी, जबकि इसी दौरान हिंदी माध्यम के विद्यार्थी स्कूल पहुंच रहे थे। इसी समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों को निशाना बना लिया। देखते ही देखते मधुमक्खियां बच्चों पर टूट पड़ीं। किसी के सिर और चेहरे पर तो किसी के हाथ-पैरों पर डंक लगे। हमले से बचने के लिए बच्चे इधर-उधर भागने लगे, जिससे परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना (Honeybee attack) के बाद घायल बच्चों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। जिला अस्पताल बैकुंठपुर के सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में घायल करीब डेढ़ दर्जन बच्चों को अस्पताल लाया गया है। सभी का उपचार किया जा रहा है।

मुख्य गेट के पास पेड़ पर है मधुमक्खियों का छत्ता

घटना (Honeybee attack) के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने स्थित पेड़ पर लंबे समय से मधुमक्खियों ने छत्ता बना रखा है। अभिभावकों का आरोप है कि पहले भी मधुमक्खियों द्वारा बच्चों पर हमला किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद छत्ते को हटाने अथवा बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

अभिभावकों में आक्रोश, प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

बच्चों के घायल होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब मुख्य गेट के पास मधुमक्खियों का छत्ता मौजूद था, तो उसे समय रहते हटवाने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद स्कूल स्टाफ ने बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। उन्हें स्वयं स्कूल पहुंचकर बच्चों को अस्पताल ले जाना पड़ा।

इस घटना ने स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने मांग की है कि स्कूल परिसर और प्रवेश द्वार के आसपास मौजूद ऐसे खतरनाक स्थानों की तत्काल जांच कराई जाए तथा मधुमक्खियों के छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button