छत्तीसगढ़

Kabra Elephant: 19 लोगों की जान लेने वाला कुख्यात ‘कबरा’ हाथी छठवें दिन वन विभाग के कब्जे में

  • कुमकी हाथियों की मदद से किया गया ट्रेंकुलाइज
  • सरगुजा-सूरजपुर में छह महीने से दहशत का पर्याय बना था जंगली हाथी
  • 100 से अधिक वनकर्मियों की टीम ने चलाया अभियान
  • रेडियो कॉलर लगाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी

नीलांचल गौर

सरगुजा/नवप्रदेश। सरगुजा और सूरजपुर जिले के जंगलों में पिछले छह महीनों से आतंक का पर्याय बने कुख्यात ‘कबरा’ हाथी (Kabra Elephant) आखिरकार वन विभाग की टीम ने छठवें दिन ट्रेंकुलाइज करने में सफलता हासिल कर ली। बुधवार को उदयपुर वन परिक्षेत्र के मिर्गाडांड-रामगढ़ पहाड़ी के जंगल में वन विभाग की टीम ने दो कुमकी हाथियों की मदद से उसे बेहोश किया। हाथी को पकड़ने के लिए तीन से चार वन परिक्षेत्रों के 100 से अधिक वनकर्मी लगातार अभियान में जुटे हुए थे। अब उसे रेडियो कॉलर पहनाकर सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, कबरा हाथी (Kabra Elephant) बीते छह महीनों में 19 लोगों की जान ले चुका था। लगातार जनहानि और ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत फैलाने के कारण यह हाथी वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। 17 हाथियों के झुंड में शामिल होने के कारण उसे अलग कर ट्रेंकुलाइज करना बेहद मुश्किल हो रहा था। वन अमला कई दिनों से उसके विचरण क्षेत्र पर नजर रखते हुए उचित अवसर की तलाश में था।

छह दिनों की मशक्कत के बाद मिली सफलता

कबरा हाथी (Kabra Elephant) को पकड़ने के लिए वन विभाग ने व्यापक अभियान चलाया था। मंगलवार रात हाथियों का झुंड सरमा-चकेरी और तेंदूसरा-तेंदूटिकरा के जंगलों में विचरण कर रहा था। इससे पहले कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ की मदद से उसे काबू करने का प्रयास किया गया था, लेकिन ट्रेंकुलाइजेशन गन का निशाना चूक जाने के कारण अभियान सफल नहीं हो सका था।

बुधवार सुबह हाथियों का झुंड रामगढ़ पहाड़ी के नीचे मिर्गाडांड क्षेत्र के जंगल में पहुंचा। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ की मदद से कबरा के करीब पहुंचने की रणनीति बनाई। वन्यजीव चिकित्सक कुमकी हाथी पर सवार होकर उसके नजदीक पहुंचे और ट्रेंकुलाइजेशन गन से बेहोशी का डॉट सफलतापूर्वक लगाया।

डॉट लगने के बाद कबरा हाथी कुछ दूर तक चलता रहा और फिर रामगढ़ पहाड़ी के नीचे मिर्गाडांड के जंगल में जाकर रुक गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से अपने नियंत्रण में लेने की कार्रवाई शुरू की।

रातभर जागकर पहरेदारी करते रहे ग्रामीण

कबरा हाथी के विचरण से आसपास के दर्जनों गांवों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। मंगलवार की रात हाथियों का झुंड तेंदूटिकरा के जंगल में जमा रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद ग्रामीण पूरी रात जागकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते रहे। वन विभाग के कर्मचारियों के साथ ग्रामीण भी सतर्कता बरतते हुए पहरेदारी में जुटे रहे।

रेडियो कॉलर लगाकर भेजा जाएगा रेस्क्यू सेंटर

कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज किए जाने की पुष्टि सीसीएफ वाइल्ड लाइफ प्रणय मिश्रा ने भी की है। उन्होंने बताया कि हाथी को सफलतापूर्वक बेहोश कर लिया गया है और आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे रेडियो कॉलर पहनाकर रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी है।

कबरा हाथी के पकड़े जाने से लंबे समय से भय के साये में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। हालांकि वन विभाग के सामने अब हाथी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू सेंटर पहुंचाने की चुनौती है।

Related Articles

Back to top button