छत्तीसगढ़

Dhamtari Drone Agriculture Model : धमतरी का पैक्स आधारित ड्रोन कृषि मॉडल बना राष्ट्रीय पहचान, देशभर में छत्तीसगढ़ के नवाचार की गूंज

छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक (Agriculture Technology) के इस्तेमाल को लेकर किए जा रहे नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। धमतरी जिले में विकसित देश के पहले प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (PACS) आधारित ड्रोन कृषि सेवा मॉडल (Dhamtari Drone Agriculture Model) को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। सहकारिता और आधुनिक तकनीक के इस अनूठे संगम को देशभर में सराहा जा रहा है।

सीएससी स्थापना दिवस समारोह में मिला राष्ट्रीय सम्मान

कोलकाता में आयोजित कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस समारोह में धमतरी के पैक्स आधारित ड्रोन कृषि मॉडल (PACS Drone Service) को ग्रामीण भारत में कृषि आधुनिकीकरण का अनुकरणीय उदाहरण बताया गया। समारोह में इस मॉडल को किसानों तक आधुनिक कृषि सेवाएं पहुंचाने और सहकारी समितियों को नई भूमिका देने वाली पहल के रूप में सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत हुआ धमतरी का नवाचार

समारोह में “बेहतर कृषि सेवाओं की उपलब्धता के लिए पैक्स का सशक्तिकरण” विषय पर उच्च स्तरीय पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें धमतरी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले में लागू किए गए ड्रोन कृषि मॉडल (Drone Farming Technology) और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी देशभर के कृषि एवं सहकारिता विशेषज्ञों के सामने रखी।

पैनल चर्चा में पश्चिम बंगाल सरकार के सहकारिता विभाग के विशेष रजिस्ट्रार पार्थ बसु, वॉव गो ग्रीन-ड्रोन के एमडी डॉ. शंकर गोयनका और इफको एमसी एग्रोकेमिकल्स के सीईओ मनोज वार्ष्णेय सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए। सभी ने धमतरी के इस मॉडल की सराहना की।

पैक्स समितियां बनेंगी ग्रामीण वन-स्टॉप कृषि केंद्र

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप पैक्स समितियों (PACS Cooperative Society) को केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं रखा जा रहा है, बल्कि इन्हें ग्रामीण क्षेत्रों के वन-स्टॉप एग्रीकल्चर सर्विस सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को एक ही स्थान पर आधुनिक तकनीक, डिजिटल सुविधाएं और बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

धमतरी बना ड्रोन सेवा देने वाला देश का पहला जिला

धमतरी जिले ने सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सीधे ड्रोन सेवाएं (Drone Agriculture Service) उपलब्ध कराने की पहल कर देश में नई पहचान बनाई है।

पिछले माह लोहरसी समिति में आयोजित कार्यक्रम में इस मॉडल का प्रदर्शन किया गया था। वर्तमान में जिले की 10 प्रमुख पैक्स समितियों में प्रशिक्षित स्थानीय युवा ड्रोन पायलट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

इन समितियों के माध्यम से तरल उर्वरकों और कीटनाशकों का वैज्ञानिक तरीके से छिड़काव किया जा रहा है। ड्रोन सेवा से जुड़ी समितियों में बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगा, भोथीडीह, कुंदेल, गड़ाडीह, जुगदेही और करेली शामिल हैं।

किसानों को मिलेगा समय, श्रम और लागत में फायदा

ड्रोन तकनीक (Smart Farming Technology) से किसानों को कई सीधे लाभ मिल रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ड्रोन से उर्वरक और कीटनाशकों का समान एवं सटीक छिड़काव होता है, जिससे कृषि सामग्री की बर्बादी कम होती है।

जहां पहले घंटों लगने वाला काम अब कुछ ही समय में पूरा हो जाता है। इससे पानी, खाद और श्रम की बचत होगी तथा किसानों की उत्पादन क्षमता और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

अब पैक्स समितियों से मिलेंगी कई कृषि सेवाएं

प्रशासन इस मॉडल को और विस्तार देने की तैयारी में है। आगामी चरण में पैक्स समितियों के माध्यम से कृषि यंत्रीकरण, फसल सर्वेक्षण, किसान पंजीयन, बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाएं तथा कृषि परामर्श जैसी सेवाओं को एकीकृत किया जाएगा।

इससे किसानों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए गांव से बाहर जाने की जरूरत कम होगी। तकनीक से जुड़ा यह सहकारिता मॉडल विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के कृषि नवाचार को मिली नई पहचान

धमतरी का पैक्स आधारित ड्रोन कृषि मॉडल (Dhamtari Drone Agriculture Model) अब छत्तीसगढ़ के कृषि नवाचार की राष्ट्रीय पहचान बन चुका है। यह पहल किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार कर रही है।

Related Articles

Back to top button