Mahadev Betting : महादेव सट्टा मामले में अब किससे हुई पूछताछ, ईडी के दफ्तर पहुंचीं चर्चित टीवी होस्ट
रायपुर में चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले की जांच एक बार फिर तेज होती (Mahadev Betting) नजर आई। गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर के बाहर हलचल तब बढ़ गई जब मशहूर टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा पूछताछ के लिए पहुंचीं। मामले को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
जांच एजेंसी पहले से इस मामले से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। अब शेफाली बग्गा से पूछताछ के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। उन पर ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रचार और उससे जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
प्रचार और बेटिंग टिप्स देने का आरोप Mahadev Betting
ईडी के मुताबिक शेफाली बग्गा पर महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रचार से जुड़े होने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया कि उनके टेलीग्राम चैनल पर बेटिंग से जुड़े टिप्स साझा किए जाते थे। एजेंसी ने उन्हें पहले भी समन भेजा था, लेकिन वह निर्धारित समय पर पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हो सकी थीं।
जांच में ऐसे सामने आया नाम
ईडी की जांच के दौरान शेफाली बग्गा का नाम महादेव सट्टा नेटवर्क के कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से जुड़ा मिला। जांच एजेंसी का दावा है कि खंजन जगदीश ऑनलाइन सट्टे से जुड़े हवाला लेनदेन का संचालन करता था। ईडी का आरोप है कि शेफाली उसके साथ मिलकर ऐप के प्रचार समेत अन्य गतिविधियों में शामिल थीं। एजेंसी ने इस मामले से जुड़े कई डिजिटल साक्ष्य भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी दावा किया गया है कि वह दुबई से संचालित इस ऐप का प्रमुख चेहरा थीं।
कारोबारी की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी जांच
इससे पहले ईडी कारोबारी विकास गर्ग को गिरफ्तार (Mahadev Betting) कर चुकी है। एजेंसी फिलहाल मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। जांच के आधार पर आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।
कौन हैं शेफाली बग्गा
शेफाली बग्गा टीवी एंकर और पत्रकार रही हैं। वह देश के कई बड़े मीडिया संस्थानों में समाचार प्रस्तोता के रूप में काम कर चुकी हैं। वर्ष 2019 में वह चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 13 की प्रतिभागी भी रही थीं। इसके अलावा इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान भी वह होस्टिंग करती नजर आ चुकी हैं।
महादेव सट्टा मामले की पहले भी रही चर्चा
महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का नाम उस समय भी सुर्खियों में आया था जब इसके कथित संचालक सौरभ चंद्राकर की भव्य शादी चर्चा का विषय (Mahadev Betting) बनी थी। जांच एजेंसियों के अनुसार शादी पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे और समारोह में फिल्म तथा मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल हुई थीं।



