छत्तीसगढ़स्वास्थ्य

Kabirdham Health News : स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में कबीरधाम का कमाल, 60 संस्थानों को मिला राष्ट्रीय प्रमाणपत्र

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा में आयोजित कार्यक्रम में जिले के आठ स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र (National Quality Assurance Standard) प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि स्वास्थ्य संस्थानों की बेहतर कार्यप्रणाली, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सेवाओं की गुणवत्ता का प्रमाण है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पलानसरी, मिनमिनिया, गोछिया, वीरेंद्रनगर, गौरमाटी, धरमगढ़, गेंदपुर एवं रंजीतपुर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र प्रदान किए।

60 स्वास्थ्य संस्थानों को मिला गुणवत्ता प्रमाणन Kabirdham Health News

कबीरधाम जिले की 60 शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणपत्र (Health Quality Certification) प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह प्रमाणपत्र स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीज केंद्रित देखभाल का प्रमाण है।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक उन संस्थानों को प्रदान किया जाता है, जो सेवा प्रावधान, रोगी अधिकार, समर्थन सेवाएं, नैदानिक सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण और गुणवत्ता प्रबंधन जैसे निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं।

गुणवत्ता मूल्यांकन में कबीरधाम जिला प्रथम

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार व्यापक तैयारी करनी होती है। इसके बाद जिला और राज्य स्तरीय टीम संस्थानों का निरीक्षण करती है।

निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों का परीक्षण, मरीजों से बातचीत, साफ-सफाई व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों एवं जांच किट की उपलब्धता, भवन की स्थिति, जल एवं विद्युत आपूर्ति तथा मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाता है। प्रत्येक मानक में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने के बाद ही संस्था राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणीकरण के लिए आवेदन कर सकती है।

91 संस्थानों में शुरू हुआ गुणवत्ता सुधार कार्य Kabirdham Health News

वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य शासन द्वारा कबीरधाम जिले के 73 स्वास्थ्य संस्थानों को प्रमाणीकरण के लिए तैयार करने का लक्ष्य दिया गया था। इसके मुकाबले जिले में 91 शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार का कार्य शुरू किया गया।

इस उपलब्धि के साथ कबीरधाम जिले ने राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया है। इन 91 स्वास्थ्य संस्थानों में से 60 संस्थानों का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 12 संस्थानों के परिणाम लंबित हैं और 19 संस्थानों में तैयारी जारी है।

इनमें जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया, एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 52 उप स्वास्थ्य केंद्रों का प्रमाणीकरण पूर्ण हो चुका है।

प्रमाणित संस्थाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक से प्रमाणित होने के बाद उप स्वास्थ्य केंद्रों को 2.16 लाख रुपये, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को 3 लाख रुपये तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला चिकित्सालय को प्रति बेड 10 हजार रुपये की दर से प्रतिवर्ष तीन वर्षों तक प्रोत्साहन राशि प्रदान (Kabirdham Health News) की जाएगी। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, नितेश अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button