छत्तीसगढ़

गणेश पर्व पर ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्ती, एक रात में 21 चालक पकड़े गए

रायपुर। गणेश पर्व के दौरान शहर में सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 13 सितंबर की रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच में 21 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने वाहन चालकों की जांच की। पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण किया। जांच में 15 कार, 2 टाटा एस पिकअप, एक ट्रक/टैंकर, एक ई-रिक्शा और 2 दोपहिया वाहन चालक नशे में पाए गए।

2026 में अब तक 3983 मामले

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के कुल 3983 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि गणेश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही तेज रफ्तार, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई जारी है।

नशे में वाहन चलाना जानलेवा : डीसीपी

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने लोगों से गणेश पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग करने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ जांच अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button