छत्तीसगढ़

मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए मेमू ट्रेनों का विस्तार, 10 दिन मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

रायपुर। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में क्वार नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। दर्शनार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 11 से 20 अक्टूबर तक कुछ मेमू ट्रेनों का अस्थायी विस्तार करने के साथ विशेष मेमू ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी डोंगरगढ़ स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा। इन व्यवस्थाओं से नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी।

मेमू ट्रेनों का अस्थायी विस्तार

रेलवे के निर्णय के अनुसार, गाड़ी संख्या 68741/68742 दुर्ग-गोंदिया-दुर्ग मेमू ट्रेन का अस्थायी रूप से रायपुर तक विस्तार किया गया है। यह सुविधा 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 68729 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू का गोंदिया तक विस्तार 11 से 20 अक्टूबर तक किया गया है। वहीं, गाड़ी संख्या 68730 रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू का संचालन गोंदिया से 12 से 21 अक्टूबर तक किया जाएगा।

डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच चलेगी विशेष मेमू

नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे गाड़ी संख्या 06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू यात्री विशेष ट्रेन भी चलाएगा। इसका संचालन 11 से 20 अक्टूबर तक किया जाएगा। इससे मेले के दौरान डोंगरगढ़ पहुंचने और वहां से लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

दुर्ग-रायपुर मेमू के समय में बदलाव

रेलवे ने गाड़ी संख्या 68726 दुर्ग-रायपुर मेमू यात्री के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। 11 से 20 अक्टूबर तक यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा 40 मिनट की देरी से रवाना होगी। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का डोंगरगढ़ में ठहराव

नवरात्रि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को डोंगरगढ़ स्टेशन पर दो मिनट का अतिरिक्त ठहराव देने की व्यवस्था की गई है। इनमें शामिल हैं

  • 20843/20844 बिलासपुर-भगत की कोठी-बिलासपुर एक्सप्रेस
  • 20845/20846 बिलासपुर-बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस
  • 12851/12852 बिलासपुर-चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस
  • 12849/12850 बिलासपुर-पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस
  • 12771/12772 सिकंदराबाद-रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस

रेलवे की इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को व्यवस्थित करना और मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button