छत्तीसगढ़

दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए सरकार ने दिए 12 लाख रुपये

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चे को गोद में लेकर दुलारा, बोले- यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है

रायपुर। सक्ती जिले के एक किसान परिवार के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल राहत लेकर आई है। दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। बेटे के इलाज के लिए बड़ी रकम जुटाने में असमर्थ पिता की चिंता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि रिमोन के उपचार में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

दरअसल, सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी रिमोन टंडन आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1) जैसी दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। चिकित्सकों के अनुसार, उसके उपचार पर करीब 12 लाख रुपये खर्च होने की संभावना है। खेती-किसानी से परिवार का भरण-पोषण करने वाले पिता अजय कुमार टंडन के लिए इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था करना मुश्किल था। बेटे के इलाज की चिंता के बीच मुख्यमंत्री से मिली आर्थिक सहायता ने परिवार को नई उम्मीद दी है।

बच्चे को गोद में लेकर मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के दौरान रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा था। मुख्यमंत्री ने बच्चे को गोद में लेकर दुलारा और उसके स्वास्थ्य तथा उपचार के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। परिवार की आर्थिक स्थिति और इलाज पर आने वाले खर्च का पता चलने पर उन्होंने तत्काल 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रिमोन के माता-पिता को ढांढस बंधाते हुए कहा, “यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिमोन के उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और सरकार उसके इलाज के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

किसान पिता बोले- अब बेटे के इलाज की उम्मीद जगी

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सीमित आय में परिवार के लिए बेटे के इलाज पर लाखों रुपये खर्च करना संभव नहीं था। वह लंबे समय से बेटे के स्वास्थ्य और उपचार को लेकर चिंतित थे। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी को समझते हुए तत्काल सहायता स्वीकृत की है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके बेटे के इलाज की चिंता को अपनी चिंता समझा है। इस सहयोग से अब उन्हें विश्वास है कि रिमोन को जरूरी उपचार मिल सकेगा। परिवार ने इस मुश्किल घड़ी में साथ देने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

गीत सुनाकर रिमोन ने जताया आभार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भावुक और आत्मीय पल भी देखने को मिला। सहायता मिलने से खुश रिमोन ने मुख्यमंत्री को गीत सुनाकर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने भी बड़े स्नेह से उसका गीत सुना और उसका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रिमोन को खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और स्वस्थ होकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने रिमोन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि बच्चे की मुस्कान और उसका स्वस्थ भविष्य ही सबसे बड़ी खुशी है।

जरूरतमंद परिवारों के लिए मददगार बनी योजना

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का उद्देश्य गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। आर्थिक तंगी के कारण किसी मरीज का इलाज प्रभावित न हो, इसके लिए योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को सहायता दी जाती है।

रिमोन के उपचार के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति से उसके परिवार को बड़ी राहत मिली है। अब परिवार को उम्मीद है कि बेटे को आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराने में आर्थिक परेशानी बाधा नहीं बनेगी।

Related Articles

Back to top button