पीएम आवास योजना के चार प्रोजेक्ट में आवंटन के लिए लॉटरी, हितग्राहियों की मौजूदगी में तय हुआ क्रम

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटक की चार परियोजनाओं में आवास आवंटन के लिए बुधवार को लॉटरी निकाली गई। नगर निगम मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल के सामान्य सभा सभागार में हितग्राहियों की मौजूदगी में लॉटरी के जरिए अंतिम रूप से पात्र हितग्राहियों का क्रम निर्धारित किया गया।
नगर निगम द्वारा योजना के तहत गैर-स्लम क्षेत्रों में प्रस्तावित आवासों के लिए 30 जून 2026 को विज्ञापन जारी कर 13 स्थानों पर कुल 2616 आवासों के आवंटन के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 शाम 5.30 बजे तक कुल 5841 आवेदन प्राप्त हुए। आवासों की संख्या से अधिक आवेदन मिलने के कारण पात्र हितग्राहियों के बीच क्रम निर्धारण के लिए लॉटरी कराई जा रही है।
बुधवार को चार परियोजनाओं के अंतिम रूप से पात्र हितग्राहियों के लिए लॉटरी आयोजित की गई। इस दौरान नगर निगम लोककर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर और सहायक अभियंता अमित बोस मौजूद रहे। लॉटरी की प्रक्रिया हितग्राहियों की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
इन चार परियोजनाओं में हुई लॉटरी
- सफायर ग्रीन्स के पास, आमासिवनी: 140 आवासों के लिए 465 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 417 हितग्राही अंतिम रूप से पात्र पाए गए।
- अनंत होम्स के पास, बोरियाखुर्द: 56 आवासों के लिए 470 आवेदन मिले। इनमें 420 हितग्राही पात्र पाए गए।
- वेदांता सिटी के पास, हीरापुर: 80 आवासों के लिए 627 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 549 हितग्राही अंतिम रूप से पात्र पाए गए।
- सूरज नगर के पास, लाभाण्डी: 56 आवासों के लिए 443 आवेदन मिले। इनमें 401 हितग्राही अंतिम रूप से पात्र पाए गए।
- इन चार परियोजनाओं में कुल 332 आवासों के लिए 2005 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1787 हितग्राही अंतिम रूप से पात्र पाए गए। लॉटरी के बाद हितग्राही अपने क्रम की जानकारी नगर निगम की वेबसाइट पर देख सकते हैं। नगर निगम ने सभी आवेदकों को लॉटरी में निर्धारित क्रम का अवलोकन करने की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध कराई है।



