Bastar Rehabilitation Model : बस्तर पुनर्वास और विकास मॉडल के तहत युवाओं को रोजगार और खेती से जोड़ने की पहल
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर प्रवास के दौरान पुनर्वास केंद्र पहुंचकर हिंसा का रास्ता छोड़ चुके युवाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों मंत्रियों ने पुनर्वासित युवाओं से मिलकर उनके प्रशिक्षण, सुविधाओं और रोजगार अवसरों की जानकारी ली और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जुड़कर गांवों के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
दस्तावेज और सरकारी योजनाओं की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाता सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पुनर्वासित युवक-युवती को सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पूर्व साथियों को प्रेरित करने की अपील
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से कहा कि वे जेल में बंद अपने पूर्व साथियों को भी पुनर्वास योजना का लाभ लेने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
कौशल विकास और रोजगार पर जोर
उन्होंने पुनर्वास केंद्र में चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की सराहना की। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा ड्राइविंग प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में की जा रही पहल को उन्होंने सराहनीय बताया।
सिंचाई व्यवस्था के निर्देश
चर्चा के दौरान युवाओं द्वारा सिंचाई सुविधा की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वासित परिवारों और शहीदों के परिजनों का सर्वे कराकर उनके खेतों में सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे कृषि के माध्यम से स्थायी आजीविका प्राप्त कर सकें।
पेसा अधिनियम और जागरूकता
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पेसा अधिनियम को और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की।
वन मंत्री केदार कश्यप का संदेश
वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर अब शांति और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। हिंसा छोड़कर मुख्यधारा से जुड़े युवाओं की भूमिका इस परिवर्तन में बेहद महत्वपूर्ण है।



