छत्तीसगढ़

Ambikapur National Highway: अम्बिकापुर में बदहाल सड़क को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन

Ambikapur National Highway: बड़े-बड़े बोल्डर से बढ़ी परेशानी, एनएच विभाग ने 3-4 दिन में सड़क समतलीकरण का दिया आश्वासन

निलांचल गौड़

अम्बिकापुर। भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग (Ambikapur National Highway) की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को लोगों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और मरम्मत के नाम पर डाले गए बड़े-बड़े बोल्डरों से परेशान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मार्ग पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क को तत्काल सुरक्षित बनाने की मांग की।

प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सूजन बिंद, त्रिभुवन सिंह, सुरेश राम बुनकर, राजमणि चौबे और अंकुर सिन्हा समेत अन्य लोग शामिल हुए। सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। आंदोलनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की, जिसके बाद विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया।

गड्ढों में पानी, बोल्डरों से बढ़ा हादसे का खतरा

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि बारिश के कारण भारत माता चौक से रायगढ़ (Ambikapur National Highway) की ओर जाने वाले मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से कई स्थानों पर मार्ग तालाब जैसा नजर आ रहा है। आरोप है कि गड्ढों को भरने के लिए बड़े-बड़े बोल्डर डाल दिए गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पवन साय का वाहन भी इसी मार्ग के एक गड्ढे में फंस गया था। इसके बाद विभाग द्वारा गड्ढों में बोल्डर डालकर सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने का प्रयास किया गया। हालांकि, लोगों का कहना है कि बड़े पत्थरों के कारण सड़क की समस्या कम होने के बजाय वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।

तीन से चार दिन में सुधार का आश्वासन

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के एसडीओ ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि सड़क सुधार का काम जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बोल्डरों के ऊपर छोटी गिट्टी डालकर अगले तीन से चार दिनों में सड़क का समतलीकरण कराया जाएगा। विभागीय अधिकारी के आश्वासन के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

स्थानीय लोगों ने कहा कि बारिश (Ambikapur National Highway) के दौरान सड़क की स्थिति को देखते हुए केवल अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और हादसों की आशंका कम हो।

Hemant Dhote

लेखक: हेमन्त धोटे छत्तीसगढ़ के एक सक्रिय पत्रकार और प्रिंट मीडिया से जुड़े व्यक्ति हैं, जो मुख्य रूप से रायपुर से संचालित होने वाले प्रतिष्ठित दैनिक हिंदी समाचार पत्र 'दैनिक नव प्रदेश' (Nav Pradesh) में निरंतर वरिष्ठ प्रबंधन/प्रतिनिधि मंडल एवं रायपुर ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं और अखबार के विभिन्न आयोजनों व गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। श्री हेमन्त धोटे ने रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTUJM) से (बी.जे.एम.सी और एम.ए.एम.सी) की पढ़ाई की है।

Related Articles

Back to top button