Varun Jain IFS: जंगल के रणबांकुरे से राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रहरी तक… वरुण जैन का बढ़ा कद

- एनआईए में एसपी की ऐतिहासिक जिम्मेदारी
- उदंती-सीतानदी को मिलेगी नई कमान!
जीवन एस साहू
गरियाबंद/नवप्रदेश। अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त करने वाले आईएफएस वरुण जैन (Varun Jain IFS) अब देश की आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर दिखाएंगे नेतृत्व क्षमता; जंगल की सरहदों से राष्ट्र की सुरक्षा तक का सफर बना प्रशासनिक प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल। मुंगेली डीएफओ तन्मय कौशिक को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का नया उप निदेशक बनाने का प्रस्ताव कुछ अधिकारी अपनी पदस्थापना से पहचाने जाते हैं, कुछ अपने पद के प्रभाव से और कुछ ऐसे होते हैं, जो अपने कार्यों, साहस, निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा से अपनी अलग पहचान गढ़ते हैं। भारतीय वन सेवा के 2017 बैच के अधिकारी वरुण जैन इसी श्रेणी के उन चुनिंदा अधिकारियों में शुमार होते दिखाई देते हैं, जिन्होंने जंगल की रक्षा को महज सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपना मिशन बनाकर काम किया।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक के रूप में अपनी कार्यशैली और सख्त प्रशासनिक फैसलों से चर्चा में रहे वरुण जैन अब एक नई और बड़ी जिम्मेदारी की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी में पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रतिनियुक्ति की मंजूरी उनके सेवाकाल का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह बदलाव केवल पदस्थापना का नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों के विस्तृत होते क्षितिज का प्रतीक है।
जंगल की जमीन पर अतिक्रमणकारियों के सामने बने मजबूत दीवार!
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का क्षेत्र सामान्य वनक्षेत्र नहीं, बल्कि जैव विविधता, दुर्लभ वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत का अनमोल खजाना है। नक्सल प्रभावित एवं अंतरराज्यीय सीमा से लगे चुनौतीपूर्ण इलाके में वन संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना आसान नहीं होता। यहां निर्णय लेने के लिए केवल प्रशासनिक अनुभव नहीं, बल्कि अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और जमीनी परिस्थितियों को समझने की क्षमता भी जरूरी होती है।
वरुण जैन के कार्यकाल में वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, वन अपराधों पर निगरानी तथा ड्रोन और सैटेलाइट जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग ने उन्हें एक सक्रिय और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में पहचान दिलाई। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जंगल किसी की निजी जागीर नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों की अमूल्य धरोहर है। जिनके लिए जंगल की एक-एक इंच जमीन कीमती थी, अब उनके कंधों पर देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों की जिम्मेदारी आने जा रही है।
जंगल की चुनौतियों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे तक!
राष्ट्रीय जांच एजेंसी जैसी प्रतिष्ठित केंद्रीय संस्था में पुलिस अधीक्षक के पद पर प्रतिनियुक्ति किसी भी अधिकारी के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वरुण जैन की इस नई पारी को उनके प्रशासनिक अनुभव, अनुशासन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने की क्षमता के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। एनआईए द्वारा 9 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति प्रस्ताव के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) कार्यालय ने 19 नवंबर 2026 को शासन को पत्र लिखकर उन्हें कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की है। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि वन संरक्षण के क्षेत्र में अर्जित अनुभव अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एक नए कार्यक्षेत्र में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देगा।
उदंती-सीतानदी को नए सेनापति की तलाश, तन्मय कौशिक का नाम प्रस्तावित
वरुण जैन के संभावित प्रस्थान के बीच उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व जैसे अति संवेदनशील क्षेत्र में नेतृत्व की निरंतरता बनाए रखना वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती है। यहां उप निदेशक का पद केवल प्रशासनिक कुर्सी नहीं, बल्कि वन्यजीवों, जंगलों, वनभूमि और सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से जुड़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने अपर मुख्य सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को भेजे प्रस्ताव में मुंगेली के वर्तमान वनमंडलाधिकारी (ष्ठस्नह्र) तन्मय कौशिक को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व का नया उप निदेशक नियुक्त करने का अनुरोध किया है। हालांकि इस संबंध में शासन का अंतिम निर्णय आना शेष है।
एक जिम्मेदारी पूरी, दूसरी चुनौती का आगाज!
वरुण जैन के लिए उदंती-सीतानदी का कार्यकाल एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। जंगल की खामोश वादियों में वन संरक्षण की लड़ाई लडऩे से लेकर देश की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील दायित्वों तक का यह सफर निश्चित रूप से उल्लेखनीय है। कुर्सियां बदलती हैं, पदस्थापनाएं बदलती हैं, कार्यक्षेत्र बदलते हैं, लेकिन किसी अधिकारी की असली पहचान उसके फैसलों, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण से बनती है। उदंती-सीतानदी के जंगलों में वन संरक्षण के लिए उठाए गए उनके कदम अब उनके सेवाकाल की स्मृतियों का हिस्सा बनेंगे। उम्मीद है कि एनआईए में भी वे अपनी कार्यक्षमता, निष्पक्षता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से नई पहचान स्थापित करेंगे। जंगल की सरहदों पर प्रकृति के प्रहरी रहे वरुण जैन अब राष्ट्र की सुरक्षा के मोर्चे पर नई जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। उदंती-सीतानदी की धरती से राष्ट्रीय दायित्वों के इस सफर के लिए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं। क्योंकि कुछ लोग केवल अपनी ड्यूटी नहीं निभाते, बल्कि अपने काम से उस पद की गरिमा और जिम्मेदारी का अर्थ भी समझा जाते हैं।



