छत्तीसगढ़

Weather Alert : जुलाई की शुरुआत में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

प्रदेश के कई हिस्सों में लोग पिछले कई दिनों से अच्छी बारिश का इंतजार (Weather Alert) कर रहे थे। अब मौसम का रुख बदलने लगा है और आसमान में घने बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। मौसम विभाग के नए अनुमान के बाद किसानों से लेकर आम लोगों तक के बीच बारिश को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ मौसम सुहाना हुआ है, वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक और तेज हवाओं ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि जुलाई की शुरुआत के साथ मानसून रफ्तार पकड़ सकता है और कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।

जुलाई के पहले सप्ताह में तेज होगा मानसून Weather Alert

प्रदेश में 22 जून को मानसून के प्रवेश के बाद भी अपेक्षित बारिश नहीं हुई, लेकिन अब मौसम विभाग ने एक जुलाई से अगले एक सप्ताह तक कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है। विभाग ने कुछ स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी भी जारी की है।

इधर सरगुजा जिले के डुमकी गांव में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बिलासपुर सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज हुआ।

रायपुर में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी में गरज चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

खराब मौसम से विमान सेवा प्रभावित

खराब मौसम और आकाशीय बिजली की वजह से दिल्ली से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट पहुंचने वाला विमान उतर नहीं सका। कई बार चक्कर लगाने के बाद विमान को वापस बिलासपुर भेजना पड़ा। विमान के वापस लौटने से अंबिकापुर से दिल्ली जाने वाले करीब 30 यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।

इन इलाकों में हुई अच्छी वर्षा

पिछले 24 घंटों के दौरान सन्ना में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर वर्षा दर्ज (Weather Alert) की गई। इसके अलावा सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में 30 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। नारायणपुर, बीजापुर और बस्तर संभाग के कई इलाकों में भी अच्छी वर्षा होने से मौसम में ठंडक महसूस की गई।

सक्रिय मौसम तंत्र बढ़ाएंगे बारिश

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक समुद्र तल पर मानसूनी द्रोणिका पंजाब से बिहार तक बनी हुई है। वहीं उत्तरी तेलंगाना के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से असम और मणिपुर तक फैली हुई है। इन सभी मौसम तंत्रों के असर से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिसके कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button