चाकू और तलवार के साथ दो युवक गिरफ्तार, दो नाबालिगों पर भी कार्रवाई

रायपुर। त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर पुलिस ने असामाजिक गतिविधियों और धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नॉर्थ जोन पुलिस ने थाना पंडरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चाकू और तलवार रखने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, धारदार हथियार लेकर घूम रहे दो नाबालिगों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। चारों मामलों में पुलिस ने हथियार जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार पंडरी थाना क्षेत्र में लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान देवेन्द्र यादव (18) के कब्जे से करीब 11.6 इंच लंबा लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 305/2026 में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी तरह दीपक डहरिया (18) के पास से करीब 21.5 इंच लंबी धारदार तलवार बरामद हुई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 306/2026 में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इसके अलावा पंडरी क्षेत्र में धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो नाबालिगों को भी पुलिस ने पकड़ा। उनके खिलाफ किशोर न्याय संबंधी प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर चाकू, तलवार या अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नागरिकों ने खुद जमा किए अवैध हथियार
इधर, रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के सेवा संकल्प अभियान के तहत गोबरा नयापारा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान का भी असर दिखाई दिया। पुलिस की अपील पर नागरिकों ने अपने पास रखे अवैध तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार स्वेच्छा से पुलिस के समक्ष जमा किए।
पुलिस के मुताबिक अभियान का उद्देश्य नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने के साथ लोगों को कानून के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध हथियार अपने पास न रखें। यदि किसी के पास ऐसा हथियार है तो इसकी सूचना पुलिस को दें अथवा उसे स्वेच्छा से पुलिस के समक्ष समर्पित करें।
पुलिस ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी और चेकिंग की जा रही है। जनसहयोग से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।



