Tan River Bridge : यात्रियों को बड़ी राहत, तान नदी पुल पर फिर शुरू हुई आवाजाही, रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ मरम्मत कार्य
कटघोरा से अंबिकापुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर (Tan River Bridge) सामने आई है। मरम्मत कार्य के कारण प्रभावित इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अब फिर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। पुल खुलने से रोजाना आने जाने वाले लोगों के साथ परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मानसून को देखते हुए पुल की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तेजी से काम किया गया। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय से पहले मुख्य मरम्मत कार्य पूरा कर यातायात को सामान्य कर दिया गया है।
तान नदी पुल फिर से यातायात के लिए खुला Tan River Bridge
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजमार्ग 130 के कटघोरा से शिवनगर खंड पर गुरसियाँ स्थित तान नदी पुल को आम यातायात के लिए फिर से खोल दिया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अब इस मार्ग पर छोटे और बड़े सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही सुरक्षित तरीके से शुरू हो गई है।
रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ मरम्मत कार्य
परियोजना कार्यान्वयन इकाई बिलासपुर के परियोजना निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए पुल की आवश्यक संरचनात्मक मरम्मत रिकॉर्ड समय में पूरी (Tan River Bridge) की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्य पूरा होने के बाद अब इस मार्ग पर यातायात पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहा है। पुल की रेलिंग से जुड़े शेष कार्य भी अगले कुछ दिनों में पूरे कर लिए जाएंगे।
यात्रियों और व्यापारियों को मिली राहत
पुल के दोबारा खुलने से कटघोरा और अंबिकापुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही भारी वाहनों के संचालन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सुरक्षित, निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली सड़क अवसंरचना उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।



