500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, कैंसर के प्रति किया जागरूक

रायपुर। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) माना में रविवार को लगभग 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं के लिए कैंसर जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मेटा क्लिनिक की ओर से आयोजित इस शिविर में महिला प्रशिक्षुओं को कैंसर के शुरुआती लक्षण, बचाव और समय पर जांच कराने के महत्व की जानकारी दी गई। शिविर का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी के निदेशक जीपी सिंह ने किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, मेटा क्लिनिक के डायरेक्टर डॉ. विवेक लाठ और सीईओ जिया जिंदल सहित पीटीएस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संगीतकार मयंक की म्यूजिक थेरेपी और सॉफ्ट स्किल कोच चेतना जिंदल के तनाव प्रबंधन सत्र से हुई।

अपने संबोधन में जीपी सिंह ने कहा कि पुलिस की नौकरी में प्रशिक्षण से लेकर मैदानी ड्यूटी तक कई तरह की शारीरिक और मानसिक चुनौतियां होती हैं। ऐसे में जवानों का स्वस्थ शरीर और सशक्त मन ही उनकी असली ताकत है। उन्होंने महिला प्रशिक्षुओं को एनीमिया, कुपोषण, मासिक धर्म, प्रजनन स्वास्थ्य और तनाव जैसी समस्याओं को छिपाने के बजाय चिकित्सकों से खुलकर परामर्श लेने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना कमजोरी नहीं, बल्कि पुलिस बल के प्रति आपका कर्तव्य है। उन्होंने शिविर में होने वाली जांच की रिपोर्ट के आधार पर जरूरतमंद प्रशिक्षुओं का आगे का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शिविर में मेटा क्लिनिक की विशेषज्ञ टीम ने महिला आरक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में डॉ. विवेक लाठ, डॉ. स्वीटी लाठ, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आंचल अग्रवाल, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. शिवी कुशवाहा, डॉ. अनुष्का जैन और मेडिकल कोऑर्डिनेटर डॉ. जगदीश राव शिंदे शामिल रहे। विशेषज्ञों ने महिलाओं को कैंसर के शुरुआती लक्षणों की पहचान, बचाव के उपाय और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में जीपी सिंह ने मेटा क्लिनिक की पूरी टीम का आभार जताया।



