छत्तीसगढ़

दीपावली-छठ पर रेलवे की विशेष तैयारी, रायपुर-दुर्ग स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम

रायपुर. दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की है। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद के निर्देश पर रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों में यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। त्योहारों के दौरान 5 से 14 नवंबर तक अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।

रायपुर स्टेशन पर 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था

रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरे, रोशनी, पेयजल और खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यात्रियों को मात्र 15 और 20 रुपये में किफायती भोजन तथा 14 रुपये में रेल नीर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा निशुल्क पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।

बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर-7 से संचालित करने के लिए नामांकित किया गया है। इससे यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम की सुविधा

टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम करने के लिए व्यस्त समय में तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर और अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) की व्यवस्था की गई है। रायपुर में 20, दुर्ग में 4, भिलाई पावर हाउस में 3, भाटापारा में 3 और तिल्दा-नेवरा में 2 एटीवीएम उपलब्ध हैं। इसके साथ ही एम-यूटीएस सुविधा और अतिरिक्त वाणिज्यिक पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।

स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, कोच पोजिशन और प्लेटफार्म संबंधी जानकारी लगातार दी जाएगी।

दुर्ग स्टेशन पर एमएफसी बनेगा होल्डिंग एरिया

दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स (एमएफसी) का उपयोग होल्डिंग एरिया के रूप में किया जा रहा है। यहां यात्रियों के लिए किफायती भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। ट्रेनों के परिचालन के अनुसार प्लेटफार्म का अग्रिम निर्धारण किया गया है। व्यस्त समय में अतिरिक्त टिकट काउंटर और एटीवीएम भी उपलब्ध रहेंगे।

24 घंटे सक्रिय रहेगा वार रूम

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे का वार रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। यहां विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की मदद से भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करने के लिए वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

स्टेशनों पर प्रतीक्षालय, शौचालय, पंखे, एयर कंडीशनिंग, पेयजल, लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। रायपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस और चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई है। रायपुर एवं दुर्ग स्टेशनों पर चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

सुरक्षा के लिए 109 आरपीएफ जवान तैनात

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के तहत रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 42 तथा भिलाई पावर हाउस में 12 आरपीएफ कर्मियों की बीटवार एवं शिफ्टवार तैनाती की गई है। रायपुर में 55, दुर्ग में 43 और भिलाई पावर हाउस में 55 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। रायपुर में ड्रोन की उपलब्धता भी रखी गई है। प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा फुट ओवरब्रिज पर बैरिकेडिंग कर आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

त्योहारों पर चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें

यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग, गोंदिया और अन्य स्टेशनों से विभिन्न गंतव्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इनमें प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं-

  • 08755 दुर्ग-बरौनी स्पेशल : 4 एवं 18 नवंबर।
  • 08756 बरौनी-दुर्ग स्पेशल : 5 एवं 19 नवंबर।
  • 08795 दुर्ग-दिल्ली स्पेशल : 2 नवंबर।
  • 08751 दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल : 1 एवं 5 नवंबर।
  • 08751 हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग स्पेशल : 2 एवं 16 नवंबर।
  • 08895 गोंदिया-पटना स्पेशल : 6 एवं 20 नवंबर।
  • 08896 पटना-गोंदिया स्पेशल : 7 एवं 21 नवंबर।
  • 07588 चर्लपल्ली-बरौनी स्पेशल : 8 एवं 15 नवंबर।
  • 07589 बरौनी-चर्लपल्ली स्पेशल : 10 एवं 17 नवंबर।

Related Articles

Back to top button