South Bihar Express : सावन में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, साउथ बिहार एक्सप्रेस फिर पूरे रूट पर चलेगी
रायपुर। सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। साउथ बिहार एक्सप्रेस (South Bihar Express) को आंशिक रूप से रद्द करने का फैसला वापस ले लिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहल पर अब यह ट्रेन पूरे सावन माह में दुर्ग-आरा-दुर्ग के बीच अपने पूर्ण मार्ग पर संचालित होगी। इससे छत्तीसगढ़ से बाबाधाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मेगा ब्लॉक के कारण किया गया था आंशिक रद्द South Bihar Express
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में कंसबहाल-धारुआडीही सेक्शन में ट्रैक अनुरक्षण और आधारभूत संरचना कार्य के लिए मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। इसी वजह से साउथ बिहार एक्सप्रेस (South Bihar Express) को दुर्ग-राउरकेला-दुर्ग के बीच अलग-अलग तिथियों में आंशिक रूप से रद्द किया गया था।
श्रावणी मेले को देखते हुए बदला फैसला
श्रावणी मेले के दौरान छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा करते हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष पहल करते हुए साउथ बिहार एक्सप्रेस (South Bihar Express) को पूरे मार्ग पर फिर से बहाल करने का निर्णय लिया है। अब ट्रेन अपने प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन आरा-दुर्ग-आरा के बीच नियमित रूप से चलेगी।
इन तारीखों पर बदले मार्ग से चलेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, 6, 13, 20 और 27 अगस्त 2026 को आरा से रवाना होने वाली 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस चांडिल-कांद्रा-सीनी के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। वहीं 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस अपने नियमित मार्ग से ही चलेगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा लाभ
रेलवे का कहना है कि इस निर्णय से सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं, शिवभक्तों और अन्य यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की सुविधा मिलेगी। ट्रेन के पूर्ण मार्ग पर संचालन से यात्रियों को अब आंशिक रद्दीकरण की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।




